'ब्राह्मण लड़कियों को पटाने के बाद'...यूट्यूबर मनीष पटेल की विवादित टिप्पणी पर एमपी के ब्राह्मणों में उबाल

Manish Patel Case : मध्य प्रदेश में ब्राह्मण लड़कियों पर मनीष पटेल की विवादित टिप्पणी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गया है। लोगों ने सिविल लाइंस थाने का घेराव कर यूट्यूबर पर कार्रवाई की मांग की।
After wooing Brahmin girls... YouTuber Manish Patel controversial comment has sparked outrage among Brahmins in Madhya Pradesh
आरोपी यूट्यूबर और ब्राह्माण समाज का पत्र।
Published on: 
Updated on: 

Social Media Controversy : मध्य प्रदेश के रीवा में बघेली कॉमेडी के लिए मशहूर यूट्यूबर मनीष पटेल फिर विवादों में घिरे हैं। पहले से यूजीसी रिफॉर्म्स को लेकर प्रदेश भर में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन जारी है। ऐसे में मनीष पटेल द्वारा ब्राह्मण लड़कियों पर की गई अभद्र टिप्पणी ने आग में घी डालने का काम किया। आक्रोशित ब्राह्मण समाज के लोगों ने सिविल लाइंस थाने का घेराव कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

विवाद की शुरुआत वैलेंटाइन डे के संदर्भ में पोस्ट किए गए स्क्रिप्टेड वीडियो से हुई। मनीष पटेल ने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा किया, जिसके टाइटल में ब्राह्मण लड़कियों को पटाने के बाद...' जैसे आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल हुआ था। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने इसे अपनी अस्मिता और धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताया।

कॉमेडी के नाम पर अपमान नहीं बर्दाश्त

सिविल लाइंस थाने पहुंचे समाज के वरिष्ठ सदस्यों और युवाओं का कहना है कि मनीष पटेल अक्सर मनोरंजन और कॉमेडी के नाम पर जातियों और धार्मिक संस्कारों का मजाक उड़ाते हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि समाज चाहे दलित हो, पिछड़ा हो या सवर्ण, हर वर्ग की अपनी एक गरिमा होती है। ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर की गई ऐसी ओछी टिप्पणी न केवल निंदनीय है, बल्कि यह सामाजिक शांति को भंग करने का प्रयास है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधिकारियों ने शिकायती आवेदन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया है कि वीडियो और संबंधित पोस्ट की बारीकी से जांच की जा रही है। तथ्यों की पुष्टि होते ही मनीष पटेल के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी।

पहले भी मांग चुके हैं माफी

यह कोई पहली बार नहीं है जब मनीष पटेल अपने कंटेंट के कारण विवादों में आए हों। पूर्व में भी उन पर धार्मिक और जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लग चुके हैं, जिसके बाद उन्हें सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी पड़ी थी। वैसे, इस बार मामला सीधे तौर पर महिलाओं के सम्मान से जुड़ा होने के कारण समाज का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मध्य प्रदेश में चल रहे मौजूदा जातिगत समीकरणों के बीच इस विवाद ने माहौल को और अधिक तनावपूर्ण बना दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com