दरभंगा में गांव के सभी 210 ब्राह्मणों के खिलाफ SC/ST एक्ट में FIR, जो वहां नहीं रहते वो भी बनाए गए आरोपी

Darbhanga के हरिनगर गांव में पैसे के लेन-देन और भूमि विवाद के बाद पूरे ब्राह्मण समाज को अभियुक्त बनाए जाने का मामला सामने आया है। एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर से गांव में तनाव का माहौल है।
Entire Brahmin Community Booked in FIR After Land and Money Dispute in Darbhanga Village
दरभंगा में गांव के सभी 210 ब्राह्मणों के खिलाफ SC/ST एक्ट में FIR (Image- Social Media)
Updated on

Bihar News: बिहार के दरभंगा जिले के एक गांव में दर्ज हुए एक मामले ने सबको चौंका दिया है, जहां पूरे ब्राह्मण समाज के लोगों को ही अभियुक्त बना दिया गया है। मामला दरभंगा के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव का है। यहां पैसे के लेन-देन और जमीन विवाद से शुरू हुआ झगड़ा अब एक बेहद असामान्य मोड़ पर पहुंच गया है। इस घटना में गांव के ब्राह्मण समाज के सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हरिनगर गांव के निवासी बताए जा रहे अशर्फी पासवान ने करीब 70 ब्राह्मणों को नामजद करते हुए लगभग 150 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया है। यानी एक ही एफआईआर में पूरे गांव को कटघरे में खड़ा कर दिया गया है।

पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद

बताया जा रहा है कि 31 जनवरी की रात पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस मारपीट में महिलाओं और एक बच्ची के घायल होने की खबर सामने आई है। इसके बाद अशर्फी पासवान ने गांव के सभी ब्राह्मणों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया। आरोप है कि पूरे गांव ने मिलकर सामूहिक रूप से शोषण किया। यह भी सामने आया है कि एफआईआर में नामजद किए गए अधिकांश ब्राह्मण आरोपी फिलहाल दूसरे राज्यों और शहरों में नौकरी, मजदूरी या अन्य काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

आवेदन के अनुसार, विक्रम पासवान के बड़े भाई कैलाश पासवान ने वर्ष 2015 में हरिनगर गांव के ही निवासी हेमंत झा के मकान का निर्माण कराया था, जिसके बदले करीब ढाई लाख रुपये अब भी बकाया बताए जा रहे हैं। आरोप है कि कई बार पैसे की मांग के बावजूद भुगतान नहीं किया गया।

अशर्फी पासवान का कहना है कि इसी विवाद को लेकर हेमंत झा, श्रीनाथ झा, पंकज झा, ओमप्रकाश झा, सुमित झा समेत अन्य लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंचे और हमला कर परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया। इस तरह से मामला दर्ज होने के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

इस अनोखे मामले को ‘राष्ट्रीय अपराध जांच ब्यूरो’ नामक एक एनजीओ ने भी अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर साझा किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 31 जनवरी की रात लेन-देन के विवाद में हुई मारपीट में 10 से अधिक लोग घायल हुए थे। मामले में अब तक 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद दरभंगा के गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालात तनावपूर्ण जरूर हैं, लेकिन फिलहाल नियंत्रण में बताए जा रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com