

श्रीनगर: भारतीय सेना को बड़ी कामयाबी मिली है। जहां सेना ने कुपवाड़ा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 2 पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। इन आतंकियों की पहचान अभी उजागर नहीं की गई है। जम्मू-कश्मीर में इन दिनों आतंकी गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही है। जहां समय-समय पर आतंकियों और भारतीय सेना के बीच हो रहे मुठभेड़ की खबर आती रहती है।
पहले बात अगर डोडा की करें तो इस मुठभेड़ से कुछ दिन पहले डोडा में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक कैप्टन समेत सेना के चार जवान शहीद हो गए थे। इससे पहले कठुआ में आतंकियों द्वरा सेना के काफिले पर हमला किया गया था जिसमें पांच जवान शहीद हो गए थे।
वहीं भारतीय सेना के इस कामयाबी की जानकारी देते हुए भारतीय सेना की चिनार कोर ने एक्स पर लिखा आज कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर दो आतंकियों को मार गिराने के साथ घुसपैठ की कोशिश को सफलतापूर्वक रोक दिया गया है। इलाके में सेना का तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में सुरक्षा बलों और घुसपैठ कर रहे पाकिस्तानी आतंकियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ के बारे में आगे की जानकारी देते हुए सेना के अधिकारियों ने बताया कि छिपे हुए आतंकियों द्वारा 6 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और कुपवाड़ा पुलिस सहित सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने के बाद मुठभेड़ शुरू हुई, घंटों चली मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं। हालांकि, अभी तक उनकी पहचान नहीं हो पाई है।
सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास केरन सेक्टर में आतंकवादियों को मार गिराने के बाद तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सेना को संदेह है कि इलाके में और आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। इससे पहले सुबह जम्मू के राजौरी जिले के सुंदरबनी इलाके में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध गतिविधियां देखने के बाद सेना ने गोलीबारी की।