रामभद्राचार्य के बयान का गिरिराज सिंह ने किया समर्थन, CM ममता बनर्जी की सोहराब वर्दी से की तुलना

Giriraj Singh: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने रामभद्राचार्य के बयान का समर्थन किया है। साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना हिंदुओं पर अत्याचार करने वाले सोहराब वर्दी से की।
गिरिराज सिंह ने रामभद्राचार्य के बयान का किया समर्थन, CM ममता बनर्जी की सोहराब वर्दी से की तुलना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (सौजन्य सोशल मीडिया)
Updated on

Union Minister Giriraj Singh: मेरठ में रामकथा के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य के द्वारा दिए गए बयान को लेकर जहां एक ओर बवाल मचा हुआ है। वहीं दूसरी ओर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बेगूसराय में स्वामी रामभद्राचार्य के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने हिंदुओं से अपनी संस्कृति और शास्त्रों के साथ जागने का आह्वान किया। साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना 1946 के डायरेक्ट एक्शन डे के दौरान हिंदुओं पर अत्याचार करने वाले सोहराब वर्दी से की।

गिरिराज सिंह ने स्वामी रामभद्राचार्य को हिंदू धर्म का प्रमुख धर्मगुरु बताते हुए कहा कि, उन्होंने पुनौरा धाम को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में स्वीकार किया है, जिसे दुनिया ने भी माना है। उन्होंने स्वामी रामभद्राचार्य के बयान का हवाला देते हुए कहा कि हिंदुओं को अब जागना होगा और अपनी संस्कृति, शास्त्र और शस्त्र के साथ एकजुट रहना होगा।

ममता बनर्जी पर साधा निशाना

गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि, 'द बंगाल फाइल्स ने यह साफ कर दिया कि 1946 में जिन्ना के डायरेक्ट एक्शन डे के दौरान सोहराब वर्दी ने हिंदुओं पर अत्याचार किए थे। आज ममता बनर्जी उसी भूमिका में हैं, जो मुर्शिदाबाद में हिंदुओं के खिलाफ कत्लेआम करा रही हैं। हिंदुओं को एकता बनाए रखने के साथ जागरूक होना होगा। सीमांचल में पीएफआई के एक आतंकी की हालिया गिरफ्तारी पर बोलते हुए गिरिराज ने कहा कि गजवा-ए-हिंद का सपना देखने वाले आतंकी संगठन बार-बार रूप बदल रहे हैं। पहले सिमी, फिर पीएफआई और अब अन्य रूपों में सक्रिय हैं।' उन्होंने कहा, 'चाहे किशनगंज हो या देश का कोई अन्य हिस्सा, ये आतंकी बच नहीं पाएंगे।'

तेजस्वी यादव पर कसा तंज

राजद नेता तेजस्वी यादव के बयान पर तंज कसते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, 'तेजस्वी यादव 243 सीटों पर लड़ें या कांग्रेस 500 सीटों पर, एनडीए को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए चट्टानी एकता के साथ सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और बिहार में सरकार बनाएगा।'

'द बंगाल फाइल्स' की तारीफ की

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने 'द बंगाल फाइल्स' की तारीफ करते हुए कहा कि यह फिल्म आजादी के बाद की पीढ़ी के लिए एक जरूरी दस्तावेज है। इस फिल्म में भारत के बंटवारे का सच दर्शाया गया है, जिसे नई पीढ़ी को जरूर देखना चाहिए। मैं युवाओं से अपील करता हूं कि वे इस फिल्म को देखें और इतिहास के उन पहलुओं को समझें, जो आज भी समाज को प्रभावित करते हैं।

रामभद्राचार्य का बयान

बता दें कि मेरठ के विक्‍टोरिया पार्क में रामकथा के दौरान रामभद्राचार्य ने कहा था कि, ‘आज हिन्दुओं पर बहुत संकट है। हम अपने ही देश में हिंदू धर्म को उतना न्याय नहीं दे पा रहे हैं। आगे उन्होंने कहा कि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आकर लगता है, मानो ये मिनी पाकिस्तान है। अब हमें मुखर होना है। हम ऐसा नहीं होने देंगे, चाहे कुछ भी हो जाए। इसलिए अब हर घर में हिंदू धर्म की पाठशाला बनानी ही पड़ेगी। हर माता पिता को अपने बच्चों को हिंदू धर्म की शिक्षा देनी ही पड़ेगी।’

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com