रिटायर्ड आइएएस ऑफिसर और नव नियुक्त प्रसार भारती बोर्ड के चेयरमैन नवनीत कुमार सहगल
नई दिल्ली: रिटायर्ड IAS ऑफिसर नवनीत कुमार सहगल (Navneet Kumar Sehgal) को प्रसार भारती (Prasar Bharati) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) ने आदेश पत्र जारी कर ये सूचना दी है। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डीडी न्यूज के आधिकार हैंडल पर भी पोस्ट कर ये जानकारी दी गई है।
डीडी न्यूज ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- रिटायर्ड IAS ऑफिसर नवनीत कुमार सहगल को प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष (Chairman) के रूप में नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति के नियम और शर्तें प्रसार भारती, भारतीय प्रसारण निगम अधिनियम, 1990 के प्रावधानों द्वारा शासित होंगी।
Navneet Kumar Sehgal, IAS (retd.) appointed as the Chairman of Prasar Bharati Board
Terms and conditions of his appointment shall be governed by the provisions of the Prasar Bharati (Broadcasting Corporation of India) Act, 1990@prasarbharati pic.twitter.com/YeCItq0E9M
— DD News (@DDNewslive) March 16, 2024
चार साल से खाली था पद
प्रसार भारती बोर्ड अध्यक्ष का पद चार साल से खाली था। सहगल ए. सूर्य प्रकाश का स्थान लेंगे जिनका कार्यकाल फरवरी 2020 में समाप्त हो गया था। प्रकाश 70 वर्ष के हो गए थे, जो इस पद के लिए अधिकतम आयु सीमा है।
15 मार्च को जारी किया आदेश पत्र
सूचना व प्रसारण मंत्रालय द्वारा 15 मार्च को जारी एक आदेश में कहा गया है कि राष्ट्रपति को, चयन समिति की सिफारिश पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के सेवानिवृत्त अधिकारी नवनीत कुमार सहगल को प्रसार भारती बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करते हुए प्रसन्नता है, जो उनके पद का कार्यभार संभालने की तारीख से तीन साल की अवधि या उनके 70 वर्ष का होने तक प्रभावी होगी।
चयन समिति प्रमुख ने की थी बैठक
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने देश के सरकारी प्रसारणकर्ता के अध्यक्ष का चयन करने के लिए शुक्रवार को एक बैठक की अध्यक्षता की थी। उपराष्ट्रपति राज्यसभा के सभापति भी हैं। वह प्रसार भारती के अध्यक्ष पद के लिए चयन समिति के प्रमुख होते हैं।
चयन समिति में ये थे शामिल
इस समिति में भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष और राष्ट्रपति द्वारा नामित एक सदस्य शामिल होते हैं। इस बैठक में भारतीय प्रेस परिषद की अध्यक्ष और रिटायर्ड न्यायाधीश रंजना देसाई और सूचना व प्रसारण सचिव संजय जाजू शामिल हुए।
कौन है नवनीत कुमार सहगल
नवनीत कुमार सहगल उत्तर प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS ऑफिसर हैं। सहगल 1963 में पंजाब के फरीदकोट में पैदा हुए थे। उनकी स्कूली एजुकेशन हरियाणा में हुई। यहीं इनके पिता काम करते थे। 1986 में सहगल ने सीए का कोर्स पूरा कर लिया।
सीए की प्रैक्टिस के साथ साथ सहगल ने सिविल सर्विसेज की भी तैयारी शुरू कर दी थी। बड़ी कंपनियों के कंसल्टेंट के तौर पर सहगल ने देश में कई नई फैक्ट्रियों की शुरुआत कराई।