प्रयागराज गंगा, यमुना और सरस्वती नदी में पुण्य डुबकी लगाते हुए श्रद्धालु
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की संगम नगरी प्रयागराज (Prayagraj) में मौनी अमावस्या स्नान (Mauni Amavasya) पर्व पर शुक्रवार यानी आज सुबह 10 बजे तक 1 करोड़ 15 लाख श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। वहीं सुबह आठ बजे तक लगभग 90 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की स्नान की। ये जानकारी माघमेला प्रशासन की ओर से दी गई है।
भीड़ देख बढ़ाई स्नान घाटों की लंबाई
माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार की मध्यरात्रि 12 बजे से ही जनसैलाब घाटों की तरफ उमड़ा हुआ है। गांव देहात और दूसरे जिलों से स्नानार्थी सिर पर गठरी रखकर मेला क्षेत्र में आ रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि भारी भीड़ को देखते हुए घाटों की लंबाई 6800 फुट से बढ़ाकर 8000 फुट कर दी गई है और कुल 12 घाट बनाए गए हैं एवं सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में वस्त्र बदलने की सुविधा स्थापित की गई है।
स्नान घाटों पर NDRF की टीम मौजूद
अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, सार्वजनिक शौचालयों की संख्या भी 1800 से बढ़ाकर छह हजार कर दी गई है और 12,000 संस्थागत शौचालयों के साथ मेला क्षेत्र में शौचालयों की कुल संख्या अब 18,000 हो गई है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या पर भारी भीड़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए NDRF के जवान अलग- अलग घाटों पर तैनात किए गए हैं। साथ ही NDRF की महिला बचाव कर्मियों की भी तैनाती की गई है।