Goa Nightclub: थाईलैंड से दिल्ली लाए गए अग्निकांड के आरोपी, गोवा पुलिस ने लूथरा ब्रदर्स को दबोचा

Luthra Brothers: भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद थाईलैंड के प्राधिकारियों ने 11 दिसंबर को फुकेट में लूथरा बंधुओं को हिरासत में लिया। भारतीय मिशन इस मामले में थाइलैंड सरकार के लगातार संपर्क में है।
Gaurav Luthra And Saurav Luthra
गौरव लूथरा और सौरव लूथरा, (सोर्स-ANI)
Published on
Updated on

Goa Nightclub Fire Case: गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा ब्रदर्स मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। 6 दिसंबर को नाइट क्लब में लगी आग में 25 लोगों की मौत के बाद ये दोनों थाइलैंड भाग गए थे। गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा उत्तरी गोवा के अरपोरा में स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के सह-मालिक हैं। आग की घटना के तुरंत बाद वे थाईलैंड के फुकेट चले गए थे। उनके खिलाफ ‘इंटरपोल’ का ‘ब्लू कॉर्नर नोटिस’ जारी किया गया था।

भारतीय दूतावास के हस्तक्षेप के बाद थाईलैंड के प्राधिकारियों ने 11 दिसंबर को फुकेट में लूथरा बंधुओं को हिरासत में लिया। भारतीय मिशन इस मामले में थाइलैंड सरकार के लगातार संपर्क में है। थाईलैंड से भारत पहुंचे लूथरा ब्रदर्स को गोवा पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।

अग्निकांड मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं 5 लोग

ऑनलाइन शेयर कई वीडियो में लूथरा बंधुओं को थाइलैंड से रवाना होने से पहले बैंकॉक हवाई अड्डे पर देखा गया। उनके भारत पहुंचने पर उन्हें भारतीय प्राधिकारियों को सौंप दिया गया ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। गोवा पुलिस आग लगने की इस घटना के संबंध में पहले ही पांच प्रबंधकों और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब दोनों को मेडिकल जांच के लिए ले जाया जाएगा और फिर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा. कोर्ट से दोनों आरोपियों की 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मांगी जाएगी. अधिकारियों ने साफ किया है कि गोवा पुलिस थाईलैंड नहीं गई थी और लूथरा ब्रदर्स की कस्टडी केवल दिल्ली में ही ली जाएगी.

आज रात गोवा ले जाया जाएगा

योजना के मुताबिक ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद दोनों भाइयों को आज देर रात गोवा लाया जाएगा। गोवा पहुंचते ही उन्हें सीधे अंजुना पुलिस स्टेशन ले जाया जाएगा, जहां उनसे इस मामले में आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों को 17 दिसंबर को मापुसा मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है।

सरकार ने बनाई विशेष कानूनी टीम

इस बीच गोवा सरकार ने मामले की मजबूती से पैरवी के लिए कानून विभाग और अभियोजन विभाग के अधिकारियों को शामिल करते हुए एक विशेष कानूनी टीम का गठन किया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 लगाई है, जिसके तहत अधिकतम 10 साल की सजा का प्रावधान है। जांच अधिकारी लूथरा ब्रदर्स पर लगे सभी आरोपों और नियम उल्लंघनों से जुड़े सबूत जुटा रहे हैं, ताकि अदालत में एक मजबूत मामला पेश किया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com