Birthday Special: बिना गॉडफादर बॉलीवुड पहुंचे वरुण शर्मा, बचपन में शाहरुख खान की फिल्म ने दिखाया था रास्ता

Varun Sharma Struggle: वरुण शर्मा ने बिना किसी गॉडफादर के बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई। बचपन में शाहरुख खान की ‘बाजीगर’ देखकर उन्होंने एक्टर बनने का सपना देखा। उनका सफर संघर्ष और जुनून की मिसाल है।
Varun Sharma Birthday Special Success Story Struggle Fukrey Choocha Actor
वरुण शर्मा (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Varun Sharma Birthday Special: बॉलीवुड में सफलता का सफर आसान नहीं होता। हर साल हजारों लोग सपने लेकर मायानगरी मुंबई पहुंचते हैं, लेकिन गिने-चुने लोग ही अपनी पहचान बना पाते हैं। ऐसे ही एक नाम हैं वरुण शर्मा, जिन्होंने बिना किसी गॉडफादर के इंडस्ट्री में कदम रखा और अपनी मेहनत के दम पर दर्शकों के दिलों में जगह बनाई। वरुण शर्मा आज अपना 36वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस मौके पर उनके जीवन से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आता है।

वरुण शर्मा को ज्यादातर लोग उनके असली नाम से कम और ‘फुकरे’ के चूचा के नाम से ज्यादा जानते हैं। उनकी मासूमियत भरी कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज ने उन्हें बॉलीवुड का खास चेहरा बना दिया। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि वरुण ने महज 7 साल की उम्र में एक्टर बनने का फैसला कर लिया था और इसके पीछे वजह थे शाहरुख खान।

वरुण शर्मा ने सुनाया बचपन का किस्सा

दरअसल, वरुण शर्मा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब वह छोटे थे, तब टीवी पर शाहरुख खान की फिल्म ‘बाजीगर’ (1993) आ रही थी। उसी दौरान फिल्म का सुपरहिट गाना ‘ये काली-काली आंखें’ बजा। बचपन में वरुण तुतलाते थे और तुतलाते हुए ही वह गाना गुनगुनाने लगे। उस मासूम से पल ने उनके दिल में ऐसा असर छोड़ा कि उन्होंने तुरंत अपनी मां से कहा कि वह बड़े होकर एक्टर बनना चाहते हैं। यहीं से उनके अंदर एक्टिंग का जुनून पैदा हो गया।

वरुण शर्मा का बॉलीवुड डेब्यू

पढ़ाई की बात करें तो वरुण ने आईटीएफटी चंडीगढ़ से मीडिया में बैचलर की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने अपने सपने को हकीकत में बदलने के लिए मुंबई का रुख किया। साल 2013 में वरुण शर्मा ने फिल्म ‘फुकरे’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके किरदार चूचा को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि वह रातों-रात स्टार बन गए। फिल्म की सफलता ने उनके करियर को मजबूत शुरुआत दी।

वरुण शर्मा ने किया था शाहरुख खान के साथ काम

इसके बाद वरुण ने ‘छिछोरे’ में सुशांत सिंह राजपूत के दोस्त का किरदार निभाया और अपनी एक्टिंग से फिर लोगों का दिल जीत लिया। कॉमेडी के साथ-साथ उन्होंने इमोशनल सीन्स में भी खुद को साबित किया है। वरुण शर्मा के लिए सबसे खास पल तब आया, जब उन्होंने अपने आइडल शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘दिलवाले’ में काम किया। जिस सुपरस्टार को देखकर उन्होंने एक्टर बनने का सपना देखा था, उसी के साथ स्क्रीन शेयर करना उनके लिए सपने के सच होने जैसा था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com