'जनता इसी चुनाव में जवाब दे देगी...', RSS बैन की मांग पर खरगे को अमित शाह की दो टूक

बीते कुछ दिनों से RSS पर कर्नाटक में मचे बवाल के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के वैन वाले बयान पर गृह मंत्री अमित शाह ने जबाव देते हुए कहा है कि इनको इसका जबाव बिहार के चुनाव में मिल जाएगा।
amit-shah-counters-mallikarjun-kharge-rss-ban-demand-janta-will-reply
RSS बैन की मांग पर खरगे को अमित शाह की दो टूक (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Amit Shah Reply Mallikarjun Kharge on RSS Ban: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के RSS पर बैन लगाने वाले बयान ने सियासी पारे को चढ़ा दिया है। इस बयान पर अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तीखा पलटवार किया है। अमित शाह ने दो टूक कहा है कि जो लोग इस पर बैन लगाने की बात कर रहे हैं, उन्हें शायद पता नहीं कि बिहार में चुनाव चल रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि जनता इस मांग का जवाब इसी मतदान में दे देगी।

एक न्यूज चैनल के एक कार्यक्रम में बोलते हुए अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष की मंशा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि खरगे जी ने बैन लगाने की कोई वजह नहीं बताई। गृह मंत्री ने आरएसएस को दुनिया का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन बताते हुए कहा कि इसकी स्थापना को 100 साल पूरे हो गए हैं। इन 100 सालों में संघ का देश के विकास और समाज को सही दिशा दिखाने में बहुत बड़ा योगदान रहा है।

'संघ ने दिए देशभक्ति के संस्कार'

अमित शाह ने आरएसएस के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा, "आरएसएस ऐसी संस्था है, जिसने हम लोगों जैसे करोड़ों युवाओं को देश बनाने के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि संघ ने उन्हें देशभक्ति के संस्कार दिए हैं। शाह ने यह भी याद दिलाया कि आरएसएस से निकले हुए दो लोग इस देश के प्रधानमंत्री भी बने हैं और, उनके अनुसार, दोनों सबसे अच्छे प्रधानमंत्री रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "खरगे जी की मंशा समझ रहा हूं।"

'चुनाव में जनता देगी जवाब'

गृह मंत्री ने संघ के स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संघ के पास हजारों लोग ऐसे हैं, जिनके पास न तो अपना घर है, न ही अपना बैंक अकाउंट और न ही परिवार है। ये सभी लोग केवल और केवल भारत माता की सेवा करने के लक्ष्य के साथ निकले हैं। उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को चुनावी मुद्दा बनाते हुए चेतावनी दी, "जो लोग इस पर बैन लगाने की बात करते हैं, उनको मालूम नहीं है कि चुनाव चल रहा है, जनता इसका जवाब इसी मतदान में दे देगी।"