आज की ताजा खबर 1अगस्त: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सभी बड़ी खबरें

Aaj Ki Taza Khabar: दिल्ली सरकार आज दिल्ली लक्ष्मी योजना की शुरुआत करेगी, जबकि पंजाब की मावां धीयां सत्कार योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में आर्थिक सहायता राशि ट्रांसफर की जाएगी।
Navbharat Breaking News Update
ब्रेकिंग न्यूज अपडेट (डिजाइन फोटो)

Breaking News Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले आज मुंबई दौरे पर रहेंगे। वह शिक्षा विभाग और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे तथा बाद में मीडिया को संबोधित करेंगे। गलवान घाटी संघर्ष और कोरोना महामारी के बाद करीब छह वर्षों से बंद पड़ा नाथू-ला दर्रे का सीमा व्यापार आज से फिर शुरू होने जा रहा है। सीमित कारोबार के बावजूद इसे भारत-चीन संबंधों के लिहाज से अहम रणनीतिक कदम माना जा रहा है।

आज से रोजमर्रा की कई जरूरी वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। कई एफएमसीजी कंपनियां कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी में हैं। दिल्ली सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना का आज औपचारिक शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह 11 बजे योजना के पोर्टल की शुरुआत करेंगी, जिसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। पंजाब सरकार की मावां धीयां सत्कार योजना के तहत आज लाभार्थी महिलाओं के खातों में सहायता राशि भेजी जाएगी। योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये मिलेंगे।

भारतीय बॉक्सर सचिन सिवाच ने 60 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में जीता गोल्ड

भारतीय बॉक्सर सचिन सिवाच ने 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 60 किग्रा बॉक्सिंग इवेंट में गोल्ड मेडल जीता।

भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने फाइनल में जीता सिल्वर मेडल

भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के 75 किग्रा बॉक्सिंग फाइनल में सिल्वर मेडल जीता।

CWG 2026 में बॉक्सिंग फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने के बाद बॉक्सर प्रिया घनघस के गांव में जश्न

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 60 किलोग्राम बॉक्सिंग फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने के बाद भारतीय बॉक्सर प्रिया घनघस के गांव धनाना में जश्न मनाया जा रहा है।

बॉक्सर साक्षी चौधरी ने महिलाओं की 51 किलोग्राम कैटेगरी में जीता गोल्ड मेडल

भारतीय बॉक्सर साक्षी चौधरी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की 51 किलोग्राम कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता। बॉक्सिंग में भारत को तीसरा गोल्ड मिला है।

बजरंग दल ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन

बजरंग दल ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। संसद परिसर मे विपक्ष द्वारा राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर नुक्कड़ नाटक किया गया था।

भारी बारिश को देखते हुए पूरे केरल में 65 राहत शिविर स्थापित किए गए: मुख्यमंत्री कार्यालय

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि राज्य में भारी बारिश के बाद छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और छह लोग लापता हैं। अलग-अलग सुरक्षा बलों, जन-प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। CMO के अनुसार, पूरे केरल में 65 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 1,465 लोगों को आश्रय दिया गया है। 17 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं और 127 घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा।

हॉकी टीम की जर्सी का रंग बदलने पर कांग्रेस ने बोला हमला

कांग्रेस नेता दानिश अली ने भारतीय हॉकी टीम की जर्सी का रंग बदले जाने पर कहा कि देखिए, यह भाजपा सरकार का एक नैरेटिव है, जिसका उद्देश्य असली मुद्दों से ध्यान भटकाना है। लेकिन अब इस तरह का नैरेटिव काम नहीं करेगा। सवाल खुद इंडियन हॉकी फेडरेशन के चेयरमैन ने उठाया है कि आखिर जर्सी का रंग कैसे बदल दिया गया? इस पर न तो बोर्ड में कोई चर्चा हुई और न ही एग्जीक्यूटिव बोर्ड में कोई चर्चा हुई। फिर यह फैसला कहां से आया?

PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाली लड़की की मां ने मांगी सुरक्षा

पीएम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाली लड़की की मां ने कहा कि मैं चाहती हूं कि मुझे सुरक्षित जगह रखा जाए। अगर कल को हमारे साथ कुछ हो तो प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कोई कुछ नहीं कहे। इस समय अगर हमें कुछ भी होता है तो इसका सीधा असर या असमाजिक तत्व यह कह देंगे कि नरेंद्र मोदी ने करवाया है। उनके लोगों या कार्यकर्ताओं ने किया है। हमें संरक्षण और सुरक्षा चाहिए। मेरी बेटी को उसके पिता में जगह मिले। जो उसका हक है। मेरी बेटी बाप के घर से वंचित क्यों?

परिसीमन कराना भाजपा की साजिश: राहुल गांधी

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा परिसीमन करने की कोशिश कर रही है। परिसीमन का मकसद लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करना और तमिलनाडु के लोगों की राजनीतिक ताकत छीनना है। यह भाजपा की साजिश है। जो कोई भी परिसीमन का समर्थन करता है, वह तमिलनाडु और उसके भविष्य के साथ धोखा कर रहा है और RSS व भाजपा को तमिलनाडु के लोगों और उनके भविष्य पर हमला करने का मौका दे रहा है।

CWG में भारत को मिला 8वां गोल्ड

बिहार के 43 वर्षीय सोमन ने पैरा शॉट में गोल्ड जीता है। CWG में भारत का यह 8वां गोल्ड है।

कर्नाटक में PM मोदी 'विवेक स्मारक' का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ स्वामी विवेकानंद कल्चरल यूथ सेंटर 'विवेक स्मारक' के परिसर में एक पौधा लगाया। प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही इस सेंटर का उद्घाटन करेंगे।

CWG-2026 में बॉक्सिंग में भारत को मिला 2 गोल्ड मेडल

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार ने महिलाओं की 54 किग्रा कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता। इसके साथ ही भारतीय मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया ने भी महिलाओं के 57 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया है।

जंतर-मंतर पर VHP और दिल्ली संत महामंडल द्वारा पप्पू यादव के खिलाफ किया गया 'सद्बुद्धि हवन'

जंतर-मंतर पर विश्व हिंदू परिषद और दिल्ली संत महामंडल द्वारा सांसद पप्पू यादव के खिलाफ 'सद्बुद्धि हवन' आयोजित किया गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के इंद्रप्रस्थ प्रांत (दिल्ली) के प्रांत मंत्री सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि जंतर-मंतर एक पवित्र भूमि है। यह बड़े आंदोलनों की साक्षी रही है। पप्पू यादव जैसे अपराधी के साथ मिलकर जिस प्रकार का भोंडा प्रदर्शन किया गया, उसमें संतों का वेश धारण कर उनका अपमान किया गया। इसी अपमान के विरोध में संत समाज यहां एकत्र हुआ है।

NSA अजीत डोभाल लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से पुरस्कृत

पुणे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने NSA अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया।

CM सुवेंदु अधिकारी ने की जनगणना कार्यक्रम के लिए 'सेल्फ-एन्यूमरेशन प्रोसेस' की शुरुआत

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जनगणना कार्यक्रम के लिए खुद से जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया 'सेल्फ-एन्यूमरेशन प्रोसेस' की शुरुआत की।

ओडिशा: CM मोहन चरण मांझी ने किया बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।

NDA आंध्र प्रदेश के लिए दोगुनी गति से काम कर रही

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आंध्र प्रदेश में हमेशा से 'विकसित भारत' के विकास का इंजन बनने की क्षमता रही है। राज्य के विकास के लिए हमारे प्रयासों को 'दोहरे इंजन' की गति से आगे बढ़ाने के लिए, मैंने जनता से 'दोहरे इंजन वाली सरकार' के लिए जनादेश मांगा था। आज चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के नेतृत्व में, पूरी एनडीए टीम आंध्र प्रदेश के लिए दोगुनी गति से काम कर रही है।

पीएम मोदी ने की चंद्रबाबू नायडू की तारीफ

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चंद्रबाबू की यह विशेषता है कि उन्होंने दोनों पहलुओं को अपनाया है। एक ओर आसमान छूती हवाई अड्डे की इमारत का निर्माण, और दूसरी ओर हमारी आदिवासी बहनों द्वारा धिमसा नृत्य में विश्व रिकॉर्ड स्थापित करना। मैं चंद्रबाबू के इस दृष्टिकोण की विशेष रूप से सराहना करता हूं।

भोगापुरम में पवन कल्याण ने जनता किया संबोधित

आंध्र प्रदेश के भोगापुरम में आयोजित विकास परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने जनसभा को संबोधित किया।

पीएम मोदी ने भोगापुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का किया उद्घाटन

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोगापुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया।

कुलगाम आतंकी हमले पर CM उमर अब्दुल्ला का ऐलान, मृत मजदूरों के परिजनों को ₹10 लाख की सहायता

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री कार्यालय ने कुलगाम में दो मजदूरों की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए इसे जघन्य घटना बताया है। मुख्यमंत्री ने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक प्रत्येक मजदूर के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

दिल्ली पुलिस ने दो नाइजीरियाई महिलाएं को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने दो नाइजीरियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस रेलवे यूनिट ने उनके पास से भारी मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद की है।

शोपियां में भारी बारिश से कई घरों में घुसा पानी

जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के पहलीपोरा इलाके में भारी बारिश के बाद कई आवासीय संपत्तियों में पानी भर गया। पुलिस दल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के जवान मौके पर पहुंचे और बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया।

केरल में भारी बारिश का कहर, इडुक्की में भूस्खलन से एक की मौत

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण इडुक्की जिले में व्यापक तबाही देखने को मिल रही है। वागामोन में भूस्खलन की चपेट में आने से एक घर ढह गया, जिसमें वैकोम निवासी प्रभाकरन नायर की मौत हो गई। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार उनका शव अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है।इसके अलावा अदूरमाला में भी भूस्खलन की घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत और खोज अभियान चला रहे हैं। वहीं, कोच्चि-धनुष्कोडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर आदिमाली के माछीप्लावु के पास भूस्खलन होने से यातायात प्रभावित हो गया है।

कुलगाम आतंकी हमला में मृतकों की संख्या बढ़ी

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में गैर-स्थानीय मजदूरों पर हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। गंभीर रूप से घायल प्रवासी मजदूर बोपिंदर ने सर्जरी के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

कुलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन तेज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता

आज कोलकाता में 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 209 रुपये और दिल्ली में 202 रुपये की कमी की गई है। इस कमी के बाद, कोलकाता में आज से 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 2,872.50 रुपये होगी। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है ।

तमिलनाडु दौरे पर रवाना हुए राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपने निर्धारित तमिलनाडु दौरे के लिए शनिवार को दिल्ली स्थित अपने आवास से रवाना हो गए।

Navbharat Live
navbharatlive.com