

Maharashtra Politics Audio Clip Controversy: महाराष्ट्र की राजनीति में कथित ऑडियो क्लिप को लेकर विवाद गहरा गया है। राकांपा (शरद गुट) के वरिष्ठ नेता एकनाथ खड़से ने उनके और केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वहीं विवाद के बीच भाजपा के उत्तर महाराष्ट्र समन्वयक विजय चौधरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल कथित ऑडियो क्लिप में राज्य के मंत्री गिरीश महाजन और भाजपा पदाधिकारी विजय चौधरी के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। क्लिप में एकनाथ खड़से के लिए अभद्र भाषा तथा केंद्रीय राज्यमंत्री रक्षा खड़से के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी सुनाई देने का दावा किया गया है।
हालांकि, ऑडियो क्लिप की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। एकनाथ खड़से ने कहा कि वह अपने वकीलों से सलाह ले रहे हैं और जल्द ही संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे। उऑडियो क्लिप भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व को भी सौंपेंगे।
इधर, बढ़ते विवाद के बीच विजय चौधरी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक विरोधियों द्वारा उन्हें और भाजपा को बदनाम करने के उद्देश्य से ऑडियो क्लिप प्रसारित की जा रही है।
एकनाथ खड़से 2014 से 2016 तक तत्कालीन फडणवीस सरकार में राजस्व मंत्री रहे थे। बाद में भूमि सौदे से जुड़े आरोपों के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया था। वर्ष 2020 में भाजपा छोड़कर वे राकांपा (शरद गुट) में शामिल हुए थे। अप्रैल 2024 में भाजपा में वापसी की चर्चा हुई थी, लेकिन बाद में उन्होंने पार्टी में लौटने की संभावना से इनकार करते हुए शरद गुट के साथ बने रहने की बात कही।