जैसलमेर सड़क हादसे में इंदौर के मेजर हमजा आरिफ का निधन, एक महीने पहले हुई थी शादी

Jaisalmer Accident: जैसलमेर में सेना की गाड़ी ऊंट से टकराने के बाद हुए सड़क हादसे में इंदौर के मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई। जबकि हादसे में दो लेफ्टिनेंट गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
Indian Army Major Hamza Arif from Indore, who died in a road accident after an Army vehicle collided with a camel in Jaisalmer, Rajasthan.
इंदौर के मेजर हमजा आरिफ (फोटो सोर्स - नवभारत)
Published on
Updated on

Indore Army Major Death in Jaisalmer Road Accident: राजस्थान के जैसलमेर में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में इंदौर के रहने वाले भारतीय सेना के मेजर हमजा आरिफ का निधन हो गया। महज एक महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे मेजर हमजा अब तिरंगे में लिपटकर अपने घर लौटेंगे। हादसे में सेना के दो लेफ्टिनेंट भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज आर्मी अस्पताल में चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही इंदौर में शोक की लहर दौड़ गई।

आर्मी वाहन ऊंट से टकराया, कई बार पलटी गाड़ी

जानकारी के अनुसार मेजर हमजा आरिफ मूल रूप से इंदौर के धनवंतरी नगर के निवासी थे और वर्तमान में राजस्थान के जैसलमेर में पदस्थ थे। गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे जैसलमेर शहर से लगभग 18 किलोमीटर दूर आर्मी क्षेत्र में सेना की टाटा सफारी अचानक एक ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन चार से पांच बार पलट गया। हादसे के समय मेजर हमजा वाहन चला रहे थे। दुर्घटना में उनके साथ मौजूद लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौर भी घायल हो गए। तीनों को तत्काल आर्मी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मेजर हमजा को मृत घोषित कर दिया।

इंजीनियरिंग के बाद चुना सेना का रास्ता

मेजर हमजा आरिफ ने वर्ष 2016 में इंदौर के चमेली देवी कॉलेज से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने भारतीय सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय किया और 2017 में सेना में शामिल हुए। अपनी उत्कृष्ट सेवा और नेतृत्व क्षमता के दम पर उन्होंने मात्र नौ वर्षों में तीन पदोन्नतियां हासिल करते हुए मेजर का पद प्राप्त किया।

एक महीने पहले हुई थी शादी, दिसंबर में था रिसेप्शन

मेजर हमजा की शादी करीब एक महीने पहले ही उनकी इंजीनियर साथी से हुई थी। परिवार ने दिसंबर में उनके इंदौर आने पर भव्य रिसेप्शन की तैयारी की थी, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। इस खबर से परिवार और परिचितों में गहरा मातम है।

यह भी पढें:

शनिवार को इंदौर पहुंचेगा पार्थिव शरीर

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा और पार्षद प्रशांत बडवे मेजर के निवास पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। परिजनों के अनुसार मेजर हमजा आरिफ का पार्थिव शरीर शनिवार को इंदौर लाया जाएगा। इसके बाद भारतीय सेना की परंपराओं और बोहरा समाज की धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। फिलहाल हादसे की जांच सेना और स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com