सोना मोहपात्रा ने किया अरिजीत सिंह का समर्थन, कहा- 'फिल्मों की गुलामी से आजाद होकर रचेगा नया इतिहास'

Sona Mohapatra On Arijit Singh Retirement: सोना मोहपात्रा ने अरिजीत सिंह के संन्यास का समर्थन किया है। उन्होंने इसे नई आवाजों के लिए एक बड़ा मौका और संगीत की आजादी का नया दौर बताया है।
Sona Mohapatra On Arijit Singh Retirement
Sona Mohapatra And Arijit Singh (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on: 
Updated on: 

Sona Mohapatra: मशहूर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह के गायकी से संन्यास लेने के फैसले ने जहाँ करोड़ों प्रशंसकों को भावुक कर दिया है, वहीं संगीत जगत के कुछ दिग्गज इस कदम को एक क्रांतिकारी बदलाव के रूप में देख रहे हैं। बुधवार को मशहूर गायिका सोना मोहपात्रा ने अरिजीत का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने सिंगर के इस साहसी फैसले को एक नई शुरुआत और "आजादी का जश्न" करार दिया है।

सोना मोहपात्रा का मानना है कि अरिजीत का यह फैसला फिल्म इंडस्ट्री में एक नई मिसाल पेश करेगा, जिससे संगीत के क्षेत्र में नए रास्ते खुलेंगे।

"यह अंत नहीं, एक नई आजादी की शुरुआत है"

सोना मोहपात्रा ने इंस्टाग्राम पर एक विस्तृत नोट साझा करते हुए अरिजीत सिंह की सराहना की। उन्होंने लिखा कि अरिजीत जैसे बड़े गायक द्वारा प्लेबैक सिंगिंग से पीछे हटना किसी अंत जैसा नहीं है। सोना के अनुसार, "खुद के लिए जगह बनाना, अपनी शर्तों पर संगीत रचना और स्वतंत्र होकर गाना एक बहादुरी का काम है।" उन्होंने अरिजीत को सलाम करते हुए कहा कि यह नया रास्ता उन्हें खुशी, संतोष और रचनात्मकता देगा, जो फिल्मों के बंधनों से मुक्त होगा।

नई आवाजों के लिए खुलेंगे बंद दरवाजे

सोना ने म्यूजिक इंडस्ट्री की एक कड़वी सच्चाई भी बयां की। उनका कहना है कि आज के दौर में म्यूजिक डायरेक्टर और मेकर्स रिस्क नहीं लेना चाहते और एक ही सुरक्षित आवाज को बार-बार इस्तेमाल करते हैं। इसके कारण कई प्रतिभाशाली गायक सिर्फ डेमो गाने तक ही सीमित रह जाते हैं। सोना ने लिखा, "अरिजीत के इस कदम से उन गायकों को मौका मिलेगा जो सालों से सिर्फ डेमो गा रहे हैं। क्या हम पूरी जिंदगी एक ही फ्लेवर की आइसक्रीम खाते रहना चाहते हैं? हमें नई आवाजों और रंगों से डरना नहीं चाहिए।"

ओरिजिनल म्यूजिक का उदय

गायिका ने उन कलाकारों को सलाम किया जो डर के बजाय आजादी चुनते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अरिजीत संगीत से गायब नहीं हो रहे हैं, बल्कि वे अब उस 'ओरिजिनल म्यूजिक' पर ध्यान देंगे जो किसी फिल्म इकोसिस्टम का हिस्सा नहीं है। सोना ने अपने नोट के अंत में लिखा कि अरिजीत सिंह आने वाले समय में जो बनेंगे और जो स्वतंत्र संगीत रचेंगे, वह अपने आप में फलेगा-फूलेगा। यह फैसला बॉलीवुड के उस ढर्रे को चुनौती देने वाला है जहाँ प्रतिभा को एक सीमित दायरे में बांध दिया जाता है।