हैरी पॉटर (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
मुंबई: हैरी पॉटर की जादुई दुनिया एक बार फिर लौटने के लिए तैयार है। एचबीओ ने अपनी मोस्ट अवटेडे हैरी पॉटर सीरीज के लिए तीन प्रमुख किरदारों की घोषणा की है। जिसमें हैरी, हर्माइनी और रोन की नई कास्टिंग का नाम शामिल है। लेकिन इस बार कहानी में एक दिलचस्प मोड़ ट्विस्ट आने वाला है। दरअसल, इन मशहूर किरदारों को नए और युवा कलाकार निभाएंगे।
एचबीओ ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस नई स्टार कास्ट का खुलासा किया। डोमिनिक मैकलॉफलिन को हैरी पॉटर की भूमिका के लिए चुना गया है, जबकि अरबेला स्टैंटन हर्माइनी ग्रेंजर और अलास्टेयर स्टाउट रोन वीस्ली के किरदार में नजर आएंगे। इन तीनों कलाकारों को 30,000 से अधिक बच्चों के ऑडिशन के बाद चुना गया है। कास्टिंग प्रक्रिया का नेतृत्व अनुभवी कास्टिंग डायरेक्टर्स लुसी बेवन और एमिली ब्रॉकमैन ने किया।
सोशल मीडिया पर शेयर की अनाउंसमेंट
सोशल मीडिया पर अपनी घोषणा में एचबीओ ने लिखा, “प्रिय मिस्टर पॉटर, मिस ग्रेंजर और मिस्टर वीस्ली, हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आपको हॉगवॉर्ट्स स्कूल ऑफ विचक्राफ्ट एंड विजार्ड्री में जगह मिल गई है।” यह लाइन फैंस के लिए एक इमोशनल टच लेकर आई, जिसने हैरी पॉटर की सारी पुरानी यादों को ताजा कर दिया।
ये भी पढ़ें- लिवर कैंसर से जूझ रहीं दीपिका कक्कड़ के लिए गौहर खान और राजीव समेत सेलेब्स ने मांगी दुआ, जल्द ठीक होने की कामना
हालांकि, इस घोषणा के तुरंत बाद एचबीओ ने एक चौंकाने वाला कदम उठाते हुए इंस्टाग्राम पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद कर दिया। इसके पीछे उद्देश्य नए बाल कलाकारों को किसी भी तरह की ट्रोलिंग या नकारात्मक प्रतिक्रियाओं से बचाना था। जैसा कि सभी जानते हैं, मूल हैरी पॉटर फिल्म सीरीज ने डैनियल रैडक्लिफ, एम्मा वॉटसन और रूपर्ट ग्रिंट को रातों-रात सुपरस्टार बना दिया था, और उनके निभाए किरदार फैंस के दिलों में बस गए हैं। ऐसे में नए चेहरों को स्वीकृति दिलाना आसान नहीं होगा।
नई शुरुआत के साथ एक नई जादुई यात्रा
शो की शो-रनर फ्रांसेस्का गार्डिनर और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर मार्क मायलॉड ने कहा, “इन नए कलाकारों में जबरदस्त टैलेंट है। हम आश्वस्त हैं कि ये लोग अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का दिल जीत लेंगे।” सीरीज जे.के. राउलिंग की मूल किताबों पर आधारित होगी और इसके 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है। नई शुरुआत के साथ एक नई जादुई यात्रा का आगाज अब बस कुछ साल दूर है।