महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, दिग्गज आदिवासी नेता ने थामा एनसीपी का दामन

महाराष्ट्र में चुनावों का ऐलान हो चुका है। वहीं दूसरी तरफ नेताओं के उछलकूद भी शुरू हो गई है। राज्य में पार्टी को बड़ा झटका देते हुए दिग्गज आदिवासी नेता भरत माणिकराव गावित ने एनसीपी अजित पवार का दामन थाम लिया है।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, दिग्गज आदिवासी नेता ने थामा एनसीपी का दामन
अजित पवार की मौजूदगी में एनसीपी में शामिल हुए भरत गावित (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: महाराष्ट्र में चुनावों का ऐलान हो चुका है। वहीं दूसरी तरफ नेताओं के उछलकूद भी शुरू हो गई है। रविवार को राज्य में पार्टी को बड़ा झटका देते हुए दिग्गज आदिवासी नेता भरत माणिकराव गावित ने एनसीपी अजित पवार का दामन थाम लिया है। गावित के एनसीपी में शामिल होने से नंदुरबार में कांग्रेस पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

वरिष्ठ कांग्रेस आदिवासी नेता भरत माणिकराव गावित आज राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) में शामिल हो गए। उन्हें मुंबई स्थित पार्टी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार और एनसीपी राज्य अध्यक्ष सुनील तटकरे द्वारा पार्टी में शामिल किया गया। उनके पिता, दिवंगत माणिकराव गावित, कांग्रेस के प्रमुख नेता थे और उत्तर महाराष्ट्र में एक प्रभावशाली नेता माने जाते थे। माणिकराव गावित 2004 में मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और 2013 में सामाजिक न्याय राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं।

भरत माणिक राव गावित ने एनसीपी का दामन थामते हुए कहा कि नवापूर विधानसभा क्षेत्र में अपने लोगों के उज्जवल भविष्य के लिए अजित पवार के साथ जुड़ा हूँ, माणिकराव गावित की समृद्ध विरासत को आगे बढ़ाऊँगा’ जिसके बाद यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि भरत माणिकराव गावित को नवापुर सीट एनसीपी उतार सकती है।

कांग्रेस के लिए बड़ा झटका क्यों?

नवापुर सीट एसटी कैटेगरी के लिए आरक्षित है। वहीं 2019 के आंकड़ों के मुताबिक यहां कुल वोट का 85 फीसदी से ज्यादा मतदाता एसटी कैटेगरी से आते हैं। ऐसे में भरत माणिकराव गावित के एनसीपी में जाने से कांग्रेस को बड़ा नुकसान हो सकता है। वहीं, एनसीपी भरत माणिकराव को चुनावी मैदान में उतार सकती है।

भरत माणिकराव गावित का नंदुरबार क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रभाव है, उनके शामिल होने से आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य में पार्टी के आदिवासी आधार को मजबूती मिलेगी। वर्तमान में, वह आदिवासी सहकारी चीनी कारखाना, डोकारे नवापूर के अध्यक्ष हैं, नंदुरबार जिला परिषद के सदस्य और पूर्व अध्यक्ष रहे हैं, और लाडकी बहीन योजना नवापूर विधानसभा क्षेत्र समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com