कॉन्सेप्ट फोटो (सोर्स-सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार को धार देने के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में 40 नेताओं को शामिल किया है। इस सूची में पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल, सीएम आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान समेत कई दिग्गजों के नाम शामिल हैं।
दिल्ली की सीएम आतिशी और पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ ही मंत्री सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय समेत दिल्ली और पंजाब के सभी मंत्रियों को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। इसके अलावा अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का नाम भी इस सूची में शामिल है।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया और आप सांसद संजय सिंह, हरभजन सिंह, मीत हेयर का नाम भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा दिलीप पांडे, रामनिवास गोयल, गुलाब सिंह और ऋतुराज गोविंद का नाम भी आप के स्टार प्रचारकों की सूची में है, जिन्हें इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है।
इससे पहले शनिवार को कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। इसमें पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, काजी निजामुद्दीन, देवेंद्र यादव, अशोक गहलोत, हरीश रावत, मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, सचिन पायलट और सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत कुल चालीस नेताओं को शामिल किया है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव से संबंधित सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आप और कांग्रेस के अलावा भाजपा ने बुधवार (15 जनवरी) को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। भाजपा ने इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी, गिरिराज सिंह समेत 40 नेताओं को शामिल किया था।