
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (सौ. सोशल मीडिया)
Big announcement by CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि छठ पर्व के अवसर पर सोमवार यानी 27 अक्टूबर को सरकारी अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया की, इस पर्व पर सोमवार को इसलिए अवकाश किया जा रहा है, क्योंकि चार दिन के इस पर्व के तीसरे दिन व्रती सूर्यास्त के समय नदी या तालाब के किनारे जाकर अस्तगामी सूर्य देव को अर्घ्य देते हैं। यह छठ पूजा का सबसे महत्वपूर्ण दिन होता है। इस दिन सुबह से ही तैयारी शुरू हो जाती है और पूरा परिवार कोई न कोई कार्य को पूरा करने में लगा रहता है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इसी तथ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 27 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मुख्यमंत्री ने इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं और कहा कि छठ पर्व प्रकृति को समर्पित पर्व है, जिसमें सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा होती है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था, श्रद्धा और स्वच्छता का प्रतीक है, जो हमें प्रकृति, जल और सूर्य की उपासना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।
छठव्रतियों की सुविधा के लिए लक्ष्मी नगर विधानसभा में निर्मित नया छठ घाट जनता को समर्पित किया गया। साथ ही, क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है।#ChhathPuja pic.twitter.com/7JztP2blME — Rekha Gupta (@gupta_rekha) October 24, 2025
सीएम ने कहा कि यह पर्व लोक आस्था और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा का उत्सव है, जिसमें परिवार, समाज और समुदाय एक साथ जुड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजन कर सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और नई ऊर्जा का संचार करेगा तथा समाज में आपसी भाईचारे और सद्भाव को और सुदृढ़ बनाएगा।
ये भी पढ़ें : GOOD NEWS: यमुना में मिलेगा गोवा-मुंबई का मजा, दिल्ली सरकार दिसंबर से शुरू करेगी क्रूज सेवा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक पोस्ट में बताया कि छठव्रतियों की सुविधा के लिए लक्ष्मी नगर विधानसभा में निर्मित नया छठ घाट जनता को समर्पित किया गया। साथ ही, क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के लिए विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है।






