
फाइल फोटो
Cruise Service To Start In Delhi: अब दिल्लीवालों को क्रूज का मजा लेने के लिए गोवा या मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। दिल्ली सरकार यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू करने की तैयारी में है। इस योजना के तहत दिसंबर से यमुना में क्रूज चलने की उम्मीद है। यह क्रूज सोनिया विहार पुस्ते से लेकर जगतपुर के बीच चलेगा। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के मुताबिक, इस पहल से न सिर्फ लोगों को नया ट्रैवलिंग एक्सपीरियंस मिलेगा, बल्कि यमुना किनारे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सरकार चाहती है कि लोग अपने ही शहर में पानी के रास्ते से सफर का आनंद उठा सकें और यमुना को एक आकर्षक टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित किया जा सके। दिल्ली सरकार यमुना नदी को साफ-सुथरा बनाने और उसके आसपास की चीजों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इसी के तहत पर्यटन मंत्रालय ने यमुना में क्रूज सेवा शुरू करने का ऐलान किया है।
पर्यटन मंत्री के मुताबिक, क्रूज के हिस्सों को जोड़ने का काम लगभग पूरा हो चुका है और कुछ दिनों में इसे यमुना में चलाया जाएगा। सोनिया विहार पुस्ते के पास यात्रियों के चढ़ने-उतरने और ठहरने की पूरी व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोग आसानी से इस क्रूज यात्रा का आनंद ले सकें।
फिलहाल यह सेवा सोनिया विहार से जगतपुर तक शुरू होगी. हालांकि यात्रियों को जगतपुर पर नहीं उतारा जाएगा, बल्कि क्रूज वहीं से वापस सोनिया विहार लौट आएगा। यानी लगभग 10 किलोमीटर की यात्रा लगभग 90 मिनट में पूरी होगी। टिकट का किराया अभी तय नहीं किया गया है। यह पहल दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने और लोगों को यमुना के किनारे एक नया अनुभव देने के उद्देश्य से की जा रही है। इस क्रूज में 90 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी और इसमें खाने-पीने के लिए रेस्तरां और कैफे की सुविधा भी मिलेगी। हालांकि, मानसून के दौरान यह सेवा बंद रहेगी, क्योंकि बारिश में यमुना का जलस्तर बढ़ जाता है। सरकार का उद्देश्य है कि क्रूज सेवा शुरू होने के बाद यमुना किनारे पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाए।
एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि इस प्रोजेक्ट का मकसद सिर्फ एक नया टूरिस्ट स्पॉट बनाना नहीं है, बल्कि लोगों को यमुना नदी से जोड़ना है। जब लोग नदी को करीब से देखेंगे, तो उसमें सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी खुद महसूस करेंगे। टिकट की कीमतें पर्यटन मंत्री और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मंजूरी के बाद तय होंगी। कोशिश होगी कि टिकट परिवारों, छात्रों और पर्यटकों के लिए सस्ती रखी जाए।
ये भी पढ़ें: Mumbai Taj Hotel में महिला के बैठने के तरीके पर अपमान, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इसके अलावा, पर्यटन विभाग अब डीटीसी के साथ मिलकर यमुना क्रूज जेटी को पास के मेट्रो स्टेशनों से जोड़ने की तैयारी कर रहा है, ताकि लोगों को वहां पहुंचने में दिक्कत न हो। सुबह और शाम के वक्त कई ट्रिप चलाई जाएंगी, जिससे यात्री यमुना के खूबसूरत नजारे देख सकें।






