

Delhi-NCR AQI Today: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का संकट बना हुआ है, जिससे लोगों की सांसों पर खतरा मंडरा रहा है। सोमवार सुबह राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI 400 के पार 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज हुआ है। प्रदूषण को देखते हुए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने GRAP नियमों में बड़ा बदलाव किया है।
दिल्ली में हवा 'गंभीर', वजीरपुर सबसे प्रदूषित दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का संकट बना हुआ है, जिससे लोगों की सांसों पर खतरा मंडरा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह सात बजे के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह राजधानी के अधिकांश इलाकों में एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज हुआ। हवा की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
राजधानी के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा गंभीर श्रेणी में रिकॉर्ड की गई है। वजीरपुर में प्रदूषण का स्तर 448 दर्ज किया गया, जो राजधानी के सबसे खराब स्तरों में शामिल रहा। इसके अलावा, रोहिणी में 438, जहांगीरपुरी में 437, बवाना में 432, आनंद विहार में 429 और अशोक विहार में 420 दर्ज किया गया। कई अन्य क्षेत्रों जैसे बुराड़ी (402), मुंडका (413), और पंजाबी बाग (412) में भी AQI 400 के पार रहा।
गाजियाबाद-नोएडा में भी संकट गहराया दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है और यहां भी हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। गाजियाबाद में AQI 400 के पार पहुंच गया है, जहां लोनी में सबसे अधिक 464 एक्यूआई दर्ज किया गया। इंदिरापुरम में यह 421 रहा। नोएडा में भी कई इलाकों में 400 से ज्यादा एक्यूआई पहुंच गया है; सेक्टर 125 में 436 दर्ज हुआ। हालांकि, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, रविवार को गुरुग्राम (286) और फरीदाबाद (228) का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर रहा, जो 'खराब' रेंज में आते हैं।
प्रदूषण प्रभावित जगहों पर 50% स्टाफ को WFH का निर्देश बढ़ते प्रदूषण स्तर के बीच, एनसीआर और आस-पास के इलाकों के लिए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने शनिवार को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) में बदलाव किया है। अब जो उपाय पहले 'गंभीर' कैटेगरी के लिए स्टेज 4 के तहत आरक्षित थे, उन्हें अब स्टेज 3 में लागू किया जाएगा।
इन कड़े उपायों में पब्लिक, म्युनिसिपल और प्राइवेट ऑफिसों को सिर्फ 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ काम करने की इजाजत देना और बाकी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहना शामिल है। दिल्ली सरकार ने भी प्राइवेट ऑफिसों को एहतियात के तौर पर 50 प्रतिशत ऑन-साइट स्टाफ के साथ काम करने और बाकी को घर से काम करने की इजाजत देने का निर्देश दिया है। अन्य उपायों में डीजी सेट का उपयोग कम करने के लिए बिना रुकावट बिजली सप्लाई सुनिश्चित करना और ट्रैफिक जाम वाली जगहों पर अधिक लोगों को तैनात करना शामिल है। सीपीसीबी का पूर्वानुमान है कि मंगलवार तक हवा बेहद खराब श्रेणी में बरकरार रहेगी।