यूपी में टूट रही समाजवादी पार्टी...भाजपा में आना चाहते हैं सपा विधायक, केशव मौर्य ने खोली सियासी परत

Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने समाजवादी पार्टी पर कड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा कि सपा के कई विधायक उवके संपर्क में हैं। जो भाजपा में आना चाह रहे हैं।
Samajwadi Party is breaking up in UP... SP MLA wants to join BJP, Keshav Maurya reveals political layer
यूपी के डिप्टी सीएम और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य। इमेज-सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Keshav Prasad Maurya Statement: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को आगरा दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि सपा के कई विधायक भाजपा के संपर्क में हैं। वो भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन भाजपा उन्हें स्वीकार करने के पक्ष में नहीं है।

सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव बिहार में चुनाव हारने के बाद बौखलाए और घबराए हैं। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं कि 2027 में सत्ता में लौट आएंगे, लेकिन समाज को बांटकर राज करने की कोशिश सफल नहीं होगी।

बिजली गुल होने पर मंच पर खड़े रहे 15 मिनट

प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद केशव मौर्य सर्किट हाउस से फतेहाबाद पहुंचे। यहां जन चौपाल को संबोधित करते समय बिजली गुल हो गई। डिप्टी सीएम 15 मिनट मंच पर खड़े रहे। जनरेटर शुरू होने के बाद उन्होंने संबोधन शुरू किया और कहा कि बिजली विभाग ने गड़बड़ी की है, इस पर कार्रवाई की जाएगी।

शिवपाल के बयान पर किया पलटवार

कुछ दिन पहले सपा नेता शिवपाल यादव ने ब्राह्मण विधायकों की बैठक में भाजपा नेताओं को सपा में शामिल होने का न्योता देते हुए सम्मान देने की बात कही थी। इस पर पलटवार करते हुए मौर्य ने कहा कि भाजपा किसी अवसरवादी राजनीति का हिस्सा नहीं बनेगी। सपा ने झूठ और भ्रम फैलाकर 2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ सीटें जरूर हासिल कर ली थीं। मगर, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार की जनता ने उस भ्रम को तोड़ा। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। देश भाजपा के साथ था और आज भी है।

PDA पर कसा तंज

केशव मौर्य ने सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर तंज कसते हुए कहा कि पीडीए का फुल फॉर्म अब परिवार डेवलपमेंट एजेंसी बन चुका है। इसकी हवा निकल चुकी है। सपा पीडीए के नाम पर बिहार चुनाव में गई, जबकि वहां उसका एक भी प्रत्याशी नहीं था। अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए बोले, वे बेगानी शादी में अब्दुल्ला की तरह बिहार पहुंचे।

अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव का कोई स्थायी स्टैंड ही नहीं है। वे आज कुछ बोलते हैं, कल कुछ और। उनका इकलौता एजेंडा गुंडों और माफियाओं को बढ़ावा देना रहा है। केशव मौर्य ने जी राम जी (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन) को विकसित भारत का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के बिना विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की कल्पना अधूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को राम नाम से आपत्ति है, इसलिए वे योजना का विरोध कर रहे हैं।

TMC पर भी साधा निशाना

डिप्टी सीएम ने पश्चिम बंगाल में जांच एजेंसियों के विरोध पर पूछे गए सवाल पर कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी जा रही है और भाजपा आ रही है। इस वजह से वहां की सरकार बौखलाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जांच एजेंसियों के काम में हस्तक्षेप कर भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रहीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com