
दुलारचंद यादव, फोटो- सोशल मीडिया
Dularchand Yadav Murder Case: बिहार के दुलारचंद यादव मर्डर केस में बड़ा अपडेट आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उनकी मौत गोली लगने से नहीं, बल्कि पीछे से धक्का लगने के कारण हुई। इस घटना में सीने की हड्डियां टूट गईं और फेफड़ा फट गया था।
बिहार के दुलारचंद यादव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। दुलारचंद का पोस्टमार्टम बाढ़ अनुमंडल हॉस्पिटल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया था। इस रिपोर्ट ने उनकी मौत की वजह का खुलासा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, उनकी मृत्यु गोली लगने से नहीं हुई। मौत का मुख्य कारण फेफड़े का फटना और कार्डियक अरेस्ट बताया गया है।
भारी चीज से धक्का लगने से गई जान
रिपोर्ट में मौत के पीछे की वजह बताते हुए कहा गया है कि उन्हें पीछे से किसी भारी चीज से धक्का लगा, जिसके कारण वे नीचे गिर गए। इस घटना के परिणामस्वरूप, उनके सीने की कई हड्डियां टूट गईं और फेफड़ा फट गया। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट केस के जांच अधिकारी (IO) को सौंप दी गई है।
तीन डॉक्टरों के पैनल में शामिल डॉ. अजय कुमार सिंह ने पुष्टि की कि दुलारचंद यादव के बाएं टखने के जोड़ के पास गोली लगी थी। उनके पूरे शरीर पर फटे हुए घाव और खरोंच भी थे। हालांकि, डॉ. अजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि ये सभी चोटें जानलेवा नहीं थीं।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि दुलारचंद यादव पर हमला एक सुनियोजित साजिश थी। मोकामा पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि हमले के लिए जिन पत्थरों का उपयोग किया गया था, वे टाल इलाके के स्थानीय पत्थर नहीं थे, बल्कि बोल्डर पत्थर थे। आशंका है कि ये पत्थर गाड़ियों में भरकर लाए गए होंगे। जांच से यह संकेत मिलता है कि हमलावरों को पहले से यह जानकारी थी कि दुलारचंद जनसुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के पक्ष में प्रचार करने आएंगे।
बता दें कि दुलारचंद यादव पर हमला 30 अक्टूबर (गुरुवार दोपहर) को हुआ था, जब वे पटना जिले के मोकामा विधानसभा के टाल इलाके के घोसवारी में प्रचार कर रहे थे।
इस मामले में दुलारचंद यादव के पोते ने JDU प्रत्याशी अनंत सिंह समेत 5 लोगों को नामजद किया है। नामजद आरोपियों में अनंत सिंह के दोनों भतीजे, रणवीर सिंह और कर्मवीर सिंह, और उनके करीबी छोटन सिंह और कंजय सिंह शामिल हैं। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जो अनंत सिंह के समर्थक बताए गए हैं।
यह भी पढ़ें: मोकामा मर्डर में नया मोड़: दुलारचंद यादव की मौत गोली से नहीं अंदरूनी चोट से हुई, PM डॉक्टर का खुलासा
पुलिस घटना से जुड़े 100 से ज्यादा वायरल वीडियो की जांच कर चुकी है, लेकिन उनमें कहीं भी अनंत सिंह की तस्वीर सामने नहीं आई है, हालांकि उनके भतीजे राजवीर को देखा गया है। इस गंभीर मामले में चुनाव आयोग ने भी डीजीपी से पूरी जांच रिपोर्ट तलब कर ली है।






