राजद नेता तेजस्वी यादव (सौजन्य सोशल मीडिया)
RJD leader Tejashwi Yadav : कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ‘वोट अधिकार यात्रा’ गुरूवार को सीतामढ़ी के रीगा विधानसभा पहुंचीं। रीगा विधानसभा में मतदाताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। साथ ही इस दौरान तेजस्वी ने लोगों से पुरानी और खटारा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान भी किया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘भाजपा देश में लोकतंत्र समाप्त कर राजतंत्र लाना चाहती है। आगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि, सीएम नीतीश कुमार का स्वास्थ्य अब ऐसा नहीं है कि वह बिहार को संभाल सकें। 20 साल पुरानी उनकी सरकार खटारा हो गई है। बिहार में आज अफसरशाही चरम पर है।
तेजस्वी यादव ने दावा करते हुए कहा कि बिहार में 17 महीने की महागठबंधन की सरकार बनी तो रीगा चीनी मिल चालू हो गई, लेकिन अब भी कई समस्याएं हैं। तेजस्वी यादव ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि अगर बिहार में महागठबंधन की सरकार बनी तो उन समस्याओं को भी हल किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि, ‘कमाई, सिंचाई, दवाई, पढ़ाई, सुनवाई और कार्रवाई वाली सरकार होनी चाहिए, लेकिन आज थाना से लेकर प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत खराब है।’
आपके समर्थन के कर्जदार है।
निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है!#VoterAdhikarYatra #india #Bihar pic.twitter.com/rTVG2OvqD6— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) August 27, 2025
तेजस्वी लोगों से अपील की, कि भ्रष्टाचार और अपराध से मुक्ति चाहिए तो इस सरकार को बदलिए और नई सरकार बनाइए जो नए सोच के साथ बिहार को आगे ले जाने का काम करे। प्रदेश में ऐसी सरकार चाहिए जो बेरोजगारी को खत्म करे और पलायन को रोके। बेरोजगारी सबसे बड़ी दुश्मन है। आने वाले समय में लाखों लोगों को रोजगार देगी।
यह भी पढ़ें : राहुल गांधी की यात्रा पर आतंकी खतरा, बिहार में हाई अलर्ट…आतंकवादियों की फोटो जारी
तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार को नकलची सरकार बताया। हम लोगों ने जो कहा वो सरकार कर रही है। उन्होंने भाजपा पर वार करते हुए कहा कि ये लोग हिंदू-मुस्लिम करते हैं, जिससे बेरोजगारी की बात नहीं हो सके। हम लोग जब सरकार में आएंगे तो सबके साथ मिलकर काम करेंगे। सभी धर्मों और समाज के सभी लोगों को साथ लेकर चलेंगे।