नाइजीरिया में कत्लेआम...इस्लामिक कट्टरपंथियों ने 2 गांवों में घुसकर बहाई खून की नदियां, 162 लोगों की मौत

Nigeria Massacre: पश्चिमी नाइजीरिया में उग्रवादियों ने दो गांवों पर हमला कर 162 लोगों की नृशंस हत्या कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई और सुरक्षा संकट गहरा गया।
Nigeria Massacre
सांकेतिक तस्वीर
Published on
Updated on

Terrorist Attack in Nigeria: पश्चिमी नाइजीरिया में सशस्त्र उग्रवादियों ने दो गांवों पर हमला कर कम से कम 162 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। एक सांसद ने बुधवार को इसे हाल के महीनों में नाइजीरियाई गांवों पर हुए सबसे घातक हमलों में से एक बताया। इस घटना से पूरे नाइजीरिया में शोक का माहौल है।

क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद मोहम्मद ओमार बियो के मुकाबिक, मंगलवार शाम क्वारा राज्य के वोरो और नुकु गांवों को निशाना बनाया गया। उनका कहना है कि यह हमला इस्लामिक स्टेट से संबद्ध सशस्त्र समूह ‘लकुरावा’ ने किया।

गांवों में हर तरफ बिछी लाशें

भीषण नरसंहार के बाद गांवों में जगह-जगह लाशें बिखरी पड़ी थीं, जिन्हें देखकर लोगों के दिलों में गहरा डर बैठ गया। अब तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। क्वारा राज्य रेड क्रॉस के सचिव आयोडेजी इमैनुएल बाबाओमो ने बताया कि संगठन अब तक प्रभावित इलाकों तक नहीं पहुंच पाया है, क्योंकि ये गांव बेहद दूरदराज के क्षेत्रों में स्थित हैं। घटनास्थल राज्य की राजधानी से लगभग आठ घंटे की दूरी पर और नाइजीरिया-बेनिन सीमा के पास है। स्थानीय टीवी चैनलों पर दिखाए गए फुटेज में खून से लथपथ शव, बंधे हुए हाथ और जलते हुए घर नजर आए।

बदला लेने के लिए किया गया हमला

क्वारा राज्य के गवर्नर अब्दुलरहमान अब्दुलरजाक ने इस हमले को आतंकवादी समूहों की हताशा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सशस्त्र उग्रवादियों के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियानों के जवाब में किया गया कायराना हमला है।

नाइजीरिया इस समय गंभीर सुरक्षा संकट से जूझ रहा है। जहां पूर्वोत्तर में इस्लामी उग्रवादियों का विद्रोह जारी है, वहीं उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य क्षेत्रों में फिरौती के लिए अपहरण की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। इसी बीच, पुलिस प्रवक्ता अबुबकर सादिक अलियू ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी राज्य कात्सिना के डोमा गांव में एक अलग घटना में अज्ञात बंदूकधारियों ने कम से कम 13 लोगों की हत्या कर दी।

अमेरिका ने भेजी सेना

अमेरिकी सेना के अफ्रीका कमांड के प्रमुख ने बताया कि नाइजीरिया में सुरक्षा हालात के मद्देनजर अमेरिका ने सैन्य अधिकारियों की एक छोटी टीम वहां भेजी है। दिसंबर में अमेरिकी सेना ने नाइजीरिया में इस्लामिक स्टेट से जुड़े उग्रवादियों पर हवाई हमले भी किए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com