म्यांमार में खून की होली! सेना ने गांव पर बोला हमला, बच्चों समेत 24 की दर्दनाक मौत

Myanmar News Hindi: म्यांमार की सेना ने एक गांव पर भीषण हमला किया, जिसमें 24 लोगों की जान चली गई, जिनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। इस हमले में करीब 50 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
myanmar army attack village 24 killed including children
म्यांमार में सेना ने किया एक गांव पर हमला, फोटो( सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Myanmar Army Attack In Village: म्यांमार में सेना द्वारा किए गए हमले में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह जानकारी प्रतिरोध समूहों, स्थानीय ग्रामीणों और मीडिया रिपोर्ट्स से मिली है। खबरों के अनुसार, सोमवार रात देश के मध्य सागाइंग क्षेत्र के एक गांव पर मोटर चालित पैराग्लाइडर से हमला किया गया था।

खबरों के मुताबिक, गांव में उस समय बौद्ध उत्सव चल रहा था और म्यांमार की सैन्य सरकार द्वारा कैद किए गए राजनीतिक बंदियों की रिहाई की मांग को लेकर एक रैली भी निकाली जा रही थी। बुधवार को एसोसिएटेड प्रेस से बातचीत में एक प्रतिरोध सेनानी ने बताया कि शाम करीब 7:15 बजे एक पैराग्लाइडर ने दो बम गिराए, जिनके धमाकों में लगभग 20 से 40 लोगों की जान चली गई।

गांव पर गिराए दो बम

स्थानीय प्रतिरोध सेनानियों के अनुसार, पैराग्लाइडर की हलचल को पास स्थित मोन्यवा सैन्य अड्डे से पहले ही ट्रैक कर लिया गया था और ग्रामीणों को चेतावनी भी दी गई थी। लेकिन हमला इतनी तेजी से हुआ कि कोई भी बचाव की तैयारी नहीं कर सका। चश्मदीदों ने बताया कि गांव पर दो बम गिराए गए, जिससे लोग दहशत में आ गए।

सेना ने इस हमले की नहीं ली जिम्मेदारी

रात करीब 11 बजे पैराग्लाइडर दोबारा लौटा और उसने फिर से दो बम गिराए, हालांकि इस बार कोई जनहानि नहीं हुई। अब तक म्यांमार सेना ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हमले के बाद एमनेस्टी इंटरनेशनल ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि म्यांमार के मध्य क्षेत्र से मिल रही भयावह घटनाएं यह दिखाती हैं कि देश के नागरिक तत्काल सुरक्षा और संरक्षण की गंभीर आवश्यकता में हैं।

म्यांमार में लगातार हिंसा

इस हमले में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल बताया जा रहा है। 2021 में आंग सान सू ची की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को सेना द्वारा हटाए जाने के बाद से म्यांमार में लगातार हिंसा और अशांति बनी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक सैन्य अभियानों में 7,300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com