पुणे में खतरनाक ड्राइविंग: नशे में धुत ड्राइवर बिना टायर दौड़ाता रहा कार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Car Without Tire पुणे में एक नशे में धुत युवक बिना टायर कार को तेज रफ्तार में चलाता पकड़ा गया। चश्मदीद की सूझबूझ और पुलिस की मदद से कार को समय रहते रोककर बड़ा हादसा होने से बचाया गया।
A drunk driver sped a car without a front tire in Pune, but timely intervention prevented a major accident.
वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट। (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Drunk Driving : पुणे में एक खतरनाक घटना सामने आई है, जहां एक शख्स अपनी कार का टायर निकल जाने के बाद भी उसे तेज रफ्तार में चलाता रहा। यह घटना कैंप इलाके के पास हुई, जहां सड़क पर काफी अफरा-तफरी मच गई। वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कार का आगे का टायर गायब है और ड्राइवर अपनी कार को तेज गति में सड़क पर दौड़ा रहा है।

चश्मदीदों के अनुसार, ड्राइवर को इस बात का अंदाजा ही नहीं था कि कार का टायर निकल चुका है। कई लोगों ने आशंका जताई कि वह नशे में था और इसलिए उसे न तो कार पर नियंत्रण था और न ही वाहन की खराब हालत का पता चल पाया।

टायर निकलने के बाद भी दौड़ाता रहा कार

कार को इस हालत में देखकर अन्य वाहन चालकों की जान पर बन आई। गाड़ी के नीचे से उठती चिंगारियां और सड़क पर घिसटती धातु लगातार खतरा पैदा कर रही थीं। इस बीच, सत्यजीत सर्वाडे नाम के एक व्यक्ति ने जब कार को खतरनाक तरीके से तेजी से गुजरते देखा, तो उन्होंने तुरंत उसका पीछा किया।

उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को भी सूचना दी और मिलकर कार को रुकवाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। चश्मदीदों ने बताया कि कार कल्याणी नगर से पुणे रेलवे स्टेशन तक ऐसे ही चलती रही और वह कोरेगांव पार्क से भी काफी तेज गति से गुजरी थी।

नशे में धुत था ड्राइवर

पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और प्राथमिक जांच में पता चला है कि ड्राइवर नशे में था। उसके हाथ में पार्टी रिस्टबैंड भी मिला, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह किसी समारोह से लौट रहा था। बंड गार्डन पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ नशे में गाड़ी चलाने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि उसे समय रहते न रोका जाता तो यह लापरवाही बड़ी दुर्घटना और कई लोगों की जान लेने वाली साबित हो सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नशे में ड्राइविंग कितनी खतरनाक हो सकती है और यह सिर्फ चालक ही नहीं, बल्कि सड़क पर सभी लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com