Uttarakhand News: लंदन की मेलोडी और गढ़वाल के अक्षय नेगी हिंदू रीति से विवाह के बंधन में बंधे

Uttarakhand News: लंदन की मेलोडी और गढ़वाल के अक्षय नेगी ने बार्सू गांव में हिंदू रीति से शादी रचाई। विदेशी मेहमानों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पहाड़ी परंपराओं के साथ विवाह संपन्न हुआ।
Uttarakhand News
मेलोडी और अक्षय नेगी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Melody And Akshay Negi Married In Traditional Hindu Ceremony: उत्तराखंड का सुंदर बार्सू गांव एक अनोखी शादी का गवाह बना। लंदन की मेलोडी ने भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर हिंदू रीति से विवाह किया। गढ़वाल के अक्षय नेगी के साथ उनका यह विवाह पहाड़ी परंपरा से सम्पन्न हुआ। इस शादी में 30 विदेशी मेहमान भी शामिल हुए, जिसने कार्यक्रम को और खास बना दिया।

सात समंदर पार से आई बारात, उत्तरकाशी में विदेशी दुल्हन ने रचाई हिंदू शादी

उत्तरकाशी जिले के भटवाड़ी ब्लॉक के बार्सू गांव में लंदन की मेलोडी और रुद्रप्रयाग जाखणी के अक्षय नेगी ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए। वासुकी नाग देवता मंदिर प्रांगण में हुए इस विवाह समारोह ने पूरे गांव को उत्सव में बदल दिया। मेलोडी भारतीय, खासकर पहाड़ी संस्कृति से इतनी प्रभावित थीं कि उन्होंने यहीं विवाह करने का मन बना लिया था।

30 विदेशी मेहमान बने विवाह के साक्षी

विवाह समारोह में कुल तीस विदेशी मेहमान शामिल हुए, जिनके साथ बार्सू गांव के सभी ग्रामीण भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने पारंपरिक गढ़वाली तरीके से बारातियों का स्वागत किया। दूल्हे की दादी चंद्रा देवी, माता दीपा नेगी और परिवार के अन्य सदस्यों ने ग्रामीणों की गर्मजोशी और सहयोग के लिए आभार जताया। विवाह को रुद्रप्रयाग से आए पंडित अजय नौटियाल और वधु पक्ष के पंडित राजीव नौटियाल ने विधि-विधान से सम्पन्न कराया।

उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने का संदेश

दूल्हा अक्षय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ के विजन को ध्यान में रखते हुए ही उन्होंने बार्सू में विवाह करने का निर्णय लिया। उनका मानना है कि पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय परंपराएं इसे विश्व स्तरीय वेडिंग स्पॉट बना सकती हैं।

दोस्ती से प्रेम और फिर विवाह तक का सफर

मेलोडी और अक्षय दोनों ट्रैकिंग से जुड़े हुए हैं। कर्नाटक में पहली मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती हुई और ट्रेकिंग अभियानों के दौरान यह रिश्ता और गहरा होता गया। वे बार्सू, दयारा बुग्याल, सूर्य टॉप जैसे स्थानों पर पर्यटक दलों को साथ लेकर जाते थे। इसी दौरान उनकी दोस्ती प्रेम में बदल गई। मेलोडी बार्सू की संस्कृति और वासुकी नाग देवता के मंदिर परिसर से बेहद प्रभावित हुईं और उन्होंने यहीं विवाह करने का सपना देखा, जो अब पूरा हो चुका है।

Navbharat Live
navbharatlive.com