T20 WC 2026 में श्रीलंका का सफर खत्म, अब पाकिस्तान की बारी! सेमीफाइनल के समीकरण ने बढ़ाई पड़ोसियों की टेंशन

SL vs NZ: श्रीलंका टी20 विश्व कप से बाहर हो चुका है। वहीं पाकिस्तान भी बाहर होने की कगार पर है। मुश्किल समीकरण उसके सामने है, जिसे पार करना आसान नहीं दिख रहा।
पाक प्लेयर्स पर चला PCB का हंटर, वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद बाबर-शाहीन व आगा पर लगा लाखों का जुर्माना
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

T20 World Cup 2026 Pakistan Semi-Final Scenario: टी20 विश्व कप 2026 से श्रीलंका क्रिकेट टीम का सफर लगभग समाप्त हो चुका है। हालांकि उसे सुपर-8 का एक मुकाबला और खेलना है, लेकिन सेमीफाइनल की दौड़ से वह बाहर हो चुकी है। न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हराकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इस बीच पाकिस्तान की हालत भी नाजुक बनी हुई है। वह अभी आधिकारिक रूप से बाहर नहीं हुआ है, लेकिन उसके सामने बेहद कठिन समीकरण खड़ा है।

ग्रुप-2 की तस्वीर लगभग साफ

ग्रुप-2 की अंक तालिका पर नजर डालें तो इंग्लैंड दो में दो जीत के साथ चार अंक लेकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है। श्रीलंका दोनों मैच हारकर बाहर हो गया है। अब असली मुकाबला न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच बचा है। ग्रुप में दो मैच बाकी हैं। इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड और पाकिस्तान बनाम श्रीलंका। इन मुकाबलों के नतीजे से तय होगा कि इंग्लैंड के साथ दूसरी टीम कौन होगी।

इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच पर टिकी पाकिस्तान की नजर

पाकिस्तान ने अब तक दो मैचों में सिर्फ एक अंक हासिल किया है और वह तीसरे स्थान पर है। उसका आखिरी मुकाबला श्रीलंका से है, लेकिन उससे पहले इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के मैच से उसकी किस्मत काफी हद तक तय हो जाएगी। अगर न्यूजीलैंड इंग्लैंड को हरा देता है तो उसके पांच अंक हो जाएंगे और पाकिस्तान की उम्मीदें वहीं खत्म हो जाएंगी। क्योंकि पाकिस्तान जीतकर भी अधिकतम तीन अंक तक ही पहुंच पाएगा।

लेकिन यदि इंग्लैंड न्यूजीलैंड को मात दे देता है तो कीवी टीम तीन अंकों पर रुक जाएगी। तब पाकिस्तान के लिए मौका बनेगा कि वह श्रीलंका को हराकर तीन अंक तक पहुंचे और नेट रन रेट के आधार पर आगे निकलने की कोशिश करे।

नेट रन रेट बना सबसे बड़ी चुनौती

फिलहाल न्यूजीलैंड का नेट रन रेट +3.050 है, जबकि पाकिस्तान का -0.461 है। ऐसे में केवल जीत पर्याप्त नहीं होगी। पाकिस्तान को न सिर्फ श्रीलंका को हराना होगा, बल्कि बहुत बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। अनुमान है कि पाकिस्तान को लगभग 70 रन या उससे अधिक के अंतर से जीत की जरूरत पड़ेगी, ताकि वह न्यूजीलैंड के नेट रन रेट को पार कर सके। यह काम असंभव नहीं, लेकिन बेहद कठिन जरूर है। अब सारी नजरें इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड मुकाबले पर हैं। वहीं से तय होगा कि पाकिस्तान की उम्मीदें जिंदा रहेंगी या टी20 विश्व कप 2026 में उसका सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com