बकरीद से पहले दिल्ली में बेचने जा रहे थे बकरे, अलीगढ़ में कैंटर पलटने से पिता-पुत्र समेत चार की मौत

अलीगढ़ में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां हाईवे पर बकरों से लदा एक कैंटर पलट गया जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। बकरों को दिल्ली में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।
अलीगढ़ में कैंटर पलटने से चार की मौत
अलीगढ़ में कैंटर पलटने से चार की मौत
Updated on

अलीगढ़: जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां बकरीद से पहले बकरों से लदा एक कैंटर पलट गया जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। घटना थाना गभाना के अलीगढ़-दिल्ली हाईवे पर रविवार तड़के 3.30 बजे के आसपास हुआ। बकरों से लदा कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। इस दौरान एक दूसरे कैंटर ने भी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। दुर्घटना में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। चारों एटा के रहने वाले थे। हादसे में छह अन्य लोग घायल भी हुए हैं।

एटा कस्बा मारहरा के पशु कारोबारी दो कैंटरों में बकरे-बकरियां, भेड़ लादकर दिल्ली बेचने के लिए जा रहे थे। बकरीद के चलते बकरों को दो कैंटरों में भरकर बाजार में बेचने जा रहे थे। एक कैंटर पर छह और दूसरे कैंटर पर पांच लोग सवार थे। बकरों से लदा आगे चल रहा एक कैंटर गभाना हाईवे के गांव भुकरावली के पास पहुंचा तभी तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया।

हादसे में चार की मौत

कैंटर पलटने से छह लोग नीचे गिर गए। इसमें 65 वर्षीय हजारी लाल की मौके पर मौत हो गई। वहीं हजारी लाल के बेटे अमर सिंह ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एटा निवासी हरिश्चंद्र की भी घटना में जान चली गई। इसके साथ ही  विमल, सतेंद्र और गुड्डू को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरा हादसा तीन किमी पहले हाईवे पर भांकरी गांव के पास हुआ। पीछे आ रहे कैंटर को जानकारी मिली कि आगे कैंटर पलट गया है तो वह उसे उठाने के जा रहे थे तभी एक अन्य वाहन ने उसमें टक्कर मार दी। इसमें रूपेंद्र निवासी एटा की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

घटना के बाद हाईवे पर लगा जाम

हाईवे पर दो-दो कैंटर पलटने से हाईवे पर दोनों तरफ से आने जाने का रास्ता बंद हो गया। हाईवे पर काफी दूर तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया और शवोें को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके साथ जेसीबी से कैंटर को रास्ते से हटाकर रास्ता खुलवाया तब जाकर गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो सकी।
Navbharat Live
navbharatlive.com