(फाइल फोटो)
मुंबई: माहिम पुलिस ने एक ऐप-आधारित कैब कंपनी के 25 वर्षीय कैब ड्राइवर को सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सूरज मंडल के रूप में हुई है। इस पर आरोप है कि, इसने पीड़ित महिला को खराब रेटिंग देने के बाद परेशान करना शुरू कर दिया था। इतना ही नहीं उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे अश्लील तस्वीरें भी भेजी थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है और आगे की जांच चल रही है।
पुलिस ने मुताबिक, आरोपी सूरज और एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में 32 वर्षीय प्रबंधक महिला के बीच पिक-अप स्थान को लेकर लड़ाई हुई थी। जिसके बाद उसने सवारी रद्द कर दी और ऐप पर उसे खराब रेटिंग दी थी। उसके बाद शिकायतकर्ता को अचानक एक अज्ञात नंबर से कॉल आने लगीं, जहां कॉल करने वाले ने खुद को उसका बॉयफ्रेंड बताना शुरू कर दिया और मिलने पर जोर देने लगा।
इस घटना के बाद 10 जनवरी को आरोपी ने पीड़िता को 10 से अधिक बार फोन किया था। फोन करने वाले ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जब महिला ने अपने पति को बातचीत में शामिल किया, तो दोनों के बीच फोन पर बहुत बहस हुई। पीड़िता ने माहिम पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। आरोपी लगातार अपना नंबर बदलता था, जिससे पुलिस के लिए उसे ट्रैक करना मुश्किल हो गया था। हालांकि पुलिस उसे गुजरात के सूरत के तंतीथैया गांव में ढूंढने में कामयाब रही, मुंबई पुलिस उसे सूरत स्थित उसके आवास से हिरासत में लेकर मुंबई आई है।