

Protests against laborer kidnapping in Nashik: नासिक जिले के कलवण खुर्द में एक किसान के यहां काम करने वाले खेतिहर मजदूर के कथित अपहरण का आरोप लगाते हुए, आदिवासी समुदाय के सदस्यों ने शुक्रवार 4 अक्टूबर की रात से कलवण पुलिस स्टेशन के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
शनिवार की सुबह प्रदर्शनकारियों ने रास्ता रोको आंदोलन करके और भी आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया। इस दौरान भीड़ ने कलवण पुलिस स्टेशन पर पथराव किया और जमकर नारेबाजी की, जिसमें एक पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
शुक्रवार की रात से ही कलवण पुलिस स्टेशन के सामने प्रदर्शनकारियों ने डेरा डाल रखा था। शनिवार को उनकी संख्या बढ़ गई और उन्होंने रास्ता रोको आंदोलन शुरू कर दिया। दोपहर करीब 12 बजे, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन में घुसने की कोशिश की, लेकिन गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हाथापाई भी हुई। इसके बाद भीड़ ने सीधे पुलिस स्टेशन की तरफ पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एक पुलिस वाहन का शीशा टूट गया और कुछ लोगों को पत्थर लगने से चोटें आईं।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, कलवण खुर्द निवासी लापता मजदूर की मां सावित्रीबाई गुलाब पवार ने कहा है कि उनका बेटा विठोबा गुलाब पवार किसान बापू त्र्यंबक शिंदे और राहुल बापू शिंदे के यहां खेतों में काम करता था।
शुक्रवार को जब विठोबा ने शिंदे के यहां काम छोड़कर गांव के ही संजय शेवाले के यहां काम करना शुरू किया, तो आरोपियों को यह बात नागवार गुजरी। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने विठोबा को लात-घूंसों से पीटा और उसका अपहरण कर लिया।
कलवण पुलिस स्टेशन में संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द लापता मजदूर का पता लगाए। पुलिस उपाधीक्षक किरणकुमार सूर्यवंशी और पुलिस निरीक्षक खगेंद्र टेंभेकर इस मामले की आगे की जांच कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बार-बार प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। आखिरकार, संबंधित संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा यह जानकारी प्रदर्शनकारियों को दिए जाने के बाद उन्होंने रास्ता खाली कर दिया और आंदोलन समाप्त कर दिया।