नीतीश राणा के तूफानी पारी से वेस्ट दिल्ली लायंस ने मारी बाज़ी, DPL 2025 की ट्रॉफी पर किया कब्जा
West Delhi Lions won the DPL 2025 Title: मौजूदा सीजन के खिताबी मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 6 विकेट से हराया। लायंस की इस जीत में कप्तान नितीश राणा ने अहम भूमिका निभाई।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
नितीश राणा (फोटो- सोशल मीडिया)
DPL 2025: दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 को उसका नया चैंपियन मिल गया है। जी हां, इस साल वेस्ट दिल्ली लायंस ने इसके खिताब को अपने नाम कर लिया है। लायंस ने बीते रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के दौरान सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 6 विकेट से हराया।
इससे पहले मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने सात विकेट खोकर 173 रन बनाए। टीम को 11 रन पर सिद्धार्थ जून के रूप में बड़ा झटका लगा। सिद्धार्थ महज 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम ने 38 के स्कोर पर आर्यन राणा के रूप में अपना दूसरा सलामी बल्लेबाज भी खो दिया। आर्यन 12 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में चार चौके शामिल थे।
टीम लगातार अपने विकेट गंवाती गई और 78 के स्कोर तक छह बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। यहां से युगल सैनी ने प्रांशु विजयरन के साथ सातवें विकेट के लिए 78 रन जोड़ते हुए टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचा दिया। सैनी 48 गेंदों में तीन छक्कों और चार चौकों के साथ 65 रन बनाकर आउट हुए। अंतिम ओवर में प्रांशु ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक पूरा किया। प्रांशु 24 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद रहे। उनकी इस पारी में चार छक्के और तीन चौके शामिल थे। विपक्षी टीम के लिए मनन भारद्वाज और शिवांक वशिष्ठ ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
सम्बंधित ख़बरें
SL vs IND: 15 अगस्त से भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का आगाज, जानिए WTC पॉइंट्स टेबल और ICC रैंकिंग का पूरा गणित
2027 World Cup से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिले टीम इंडिया में मौका? पूर्व चयनकर्ता ने BCCI से की बड़ी मांग
KKR ने फिर थामा रयान टेन डोशेट का हाथ, टीम इंडिया छोड़ने के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय स्टार ओपनर प्रतिका रावल इंग्लैंड में खेलेंगी काउंटी क्रिकेट, Warwickshire Women से किया करार
सेंट्रल दिल्ली किंग्स के द्वारा दिए गए स्कोर का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस ने दो ओवर शेष रहते खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस टीम ने दूसरे ओवर की अंतिम दो गेंदों पर कृष यादव (13) और आयुष (0) का विकेट गंवा दिया था। कुछ देर बाद अंकित कुमार (20) भी पवेलियन लौट गए।
यह भी पढ़ें: अगले स्पॉन्सर से 140 मैचों के लिए 450 करोड़ लेगा BCCI, ड्रीम11 के बाद कौन खेलेगा दांव?
नितीश राणा की विस्फोटक बल्लेबाजी
टीम 48 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा चुकी थी। यहां से कप्तान नितीश राणा ने मोर्चा संभाला। राणा ने मयंक गुसाईं (15) के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रन जोड़े।इसके बाद कप्तान ने ऋतिक शौकीन के साथ पांचवें विकेट के लिए 85 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को जीत दिलाई। नितीश राणा ने 49 गेंदों में सात छक्कों और चार चौकों की मदद से नाबाद 79 रन बनाए, जबकि ऋतिक 27 गेंदों में 42 रन बनाकर नाबाद रहे। विपक्षी खमे से सिमरजीत सिंह ने सर्वाधिक दो विकेट झटके, जबकि अरुण पुंडीर और तेजस बरोका ने एक-एक शिकार किया।
एजेंसी इनपुट के साथ
