भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर होंगे शाकिब अल हसन! कोच चंडिका हथुरुसिंघा ने दिया जवाब

भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मैच कानपुर में खेला जाना है। इस मुकाबले के लिए बांग्लादेश के स्टार खिलाड़ी शाकिब अल हसन टीम का हिस्सा होंगे या नहीं इसका जवाब टीम के मुख्य कोच चंडिका हथुरुसिंघे ने दिया है। उनके जवाब से बांग्लादेश के फैंस ने राहत की सांस जरूर ली होगी।
भारत के खिलाफ दूसरा टेस्ट खेलेंगे शाकिब अल हसन: कोच चंडिका हथुरूसिंघा
चंडिका हथुरुसिंघा और शाकिब अल हसन (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

कानपुर: भारत और बांग्लादेश के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला चेन्नई में खेला गया, जहां भारत ने 280 रन से जीत हासिल की। इस मैच में बांग्लादेश के अनुभवी खिलाड़ी शाकिब अल हसन चोटिल हो गए थे। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि कानपुर टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रह पाएंगे। लेकिन अब बांग्लादेश के मुख्य कोच चंडिका हथुरुसिंघा ने साफ कर दिया है कि वह भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे।

शाकिब को चेन्नई में शुरूआती मैच के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का सामना करते हुए उंगली में चोट लग गई थी। 37 वर्षीय स्पिन ऑलराउंडर को गेंदबाजी के लिए भी काफी देर से लगाया गया था और उन्होंने भारत की दो पारियों में केवल 21 ओवर ही फेंके।

दूसरा टेस्ट शुक्रवार से शुरू होगा। कानपुर में टीम के पहले ट्रेनिंग सत्र के बाद हथुरुसिंघा ने कहा, ‘‘फिलहाल मैंने अपने फिजियो या किसी से भी बात नहीं की है। लेकिन फिर भी वह चयन के लिए उपलब्ध है।'' कोच ने दूसरी पारी में भारतीय आक्रमण के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने के लिए शाकिब की प्रशंसा की जिसमें उन्होंने 56 गेंद में 25 रन बनाए।

शाकिब का हाल में प्रदर्शन इतना अच्छा नहीं रहा है क्योंकि वह पाकिस्तान में ज्यादा रन नहीं बना सके थे जिसके खिलाफ बांग्लादेश ने ऐतिहासिक टेस्ट श्रृंखला जीती। उन्होंने अपने तीन मैच में सिर्फ 15, 2 और 21 रन ही बनाये। पर हथुरुसिंघा ने कहा कि शाकिब के बल्ले के प्रदर्शन को लेकर उन्हें ज्यादा चिंता नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनके प्रदर्शन से चिंतित नहीं हूं। हमारे प्रदर्शन को देखते हुए लगता है कि हम और बेहतर कर सकते थे। मुझे भरोसा है कि उन्हें भी लगता होगा कि वह बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। हम सभी जानते हैं कि वह क्या करने की काबिलियत रखते हैं।''

जानकारी के लिए बता दें कि भारत ने पहला टेस्ट मुकाबला 280 रन से जीत लिया है और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इस मुकाबले में भारत के अनुभवी ऑलराउंडर आर अश्विन ने शानदार गेंदबाजी और बल्लेबाजी की थी। जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया था।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com