मुश्फिकुर रहीम का कमाल! 100वें टेस्ट में शतक जड़कर बनाया वो रिकॉर्ड, जो विराट-तेंदुलकर भी न बना पाए

Mushfiqur Rahim: हर क्रिकेटर का सपना होता है देश के लिए टेस्ट खेलना और 100वां टेस्ट किसी भी खिलाड़ी के लिए खास होता है। बांग्लादेश के मुश्फिकुर रहीम ने अपने 100वें टेस्ट को शतक लगाकर यादगार बना दिया।
मुश्फिकुर रहीम का कमाल! 100वें टेस्ट में शतक जड़कर बनाया वो रिकॉर्ड, जो विराट-तेंदुलकर भी न बना पाए
मुश्फिकुर रहमान, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mushfiqur Rahim Achievements: बांग्लादेश और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला मीरपुर के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह मैच बांग्लादेश के पूर्व कप्तान मुश्फिकुर रहीम के लिए बेहद खास है, क्योंकि यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 100वां टेस्ट है। रहीम ऐसा करने वाले पहले बांग्लादेशी क्रिकेटर बन गए हैं, जिन्होंने अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए 100 टेस्ट मैच पूरे किए हैं।

100वें टेस्ट को बनाया यादगार

38 वर्षीय मुश्फिकुर रहीम ने अपने 100वें टेस्ट मैच को सचमुच ऐतिहासिक बना दिया। उन्होंने बांग्लादेश की पहली पारी में शानदार शतक जड़ा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रहीम ने 214 गेंदों का सामना करते हुए 106 रन बनाए, जिसमें 5 चौके शामिल थे। पहले दिन के खेल की समाप्ति पर वे 99 रन पर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन सुबह उन्होंने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की और फिर जॉर्डन नील की गेंद पर स्क्वायर लेग की ओर सिंगल लेते हुए सेंचुरी पूरी की। यह शतक उनके करियर के सबसे खास माइलस्टोन्स में से एक बन गया।

100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले दुनिया के 11वें बल्लेबाज

मुश्फिकुर रहीम अब उन चुनिंदा बल्लेबाजों की एलीट लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने अपने 100वें टेस्ट में शतक जड़ा है। वे इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दुनिया के 11वें खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले जिन दिग्गजों ने यह कारनामा किया, उनमें रिकी पोंटिंग, ग्रीम स्मिथ, जो रूट और डेविड वॉर्नर जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इंग्लैंड के तीन बल्लेबाज इस लिस्ट में शामिल हैं, जबकि साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के दो-दो बल्लेबाजों ने यह उपलब्धि हासिल की है। बांग्लादेश और वेस्टइंडीज से एक-एक खिलाड़ी इस सूची में शामिल हैं। रिकी पोंटिंग अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अपने 100वें टेस्ट में दोनों पारियों में शतक जड़ा था। भारतीय दिग्गजों में से कोई भी बल्लेबाज चाहे सचिन तेंदुलकर हों, विराट कोहली, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग या सुनील गावस्कर जैसे भारतीय खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल नहीं कर पाए।

100वें टेस्ट में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज

  • 104- कॉलिन काउड्रे (इंग्लैंड) vs ऑस्ट्रेलिया, एजबेस्टन, 1968
  • 145- जावेद मियांदाद (पाकिस्तान) vs भारत, लाहौर, 1989
  • 149- गॉर्डन ग्रीनिज (वेस्टइंडीज) vs इंग्लैंड, सेंट जोन्स, 1990
  • 105- एलेक स्टीवर्ट (इंग्लैंड) vs वेस्टइंडीज, ओल्ड ट्रैफर्ड, 2000
  • 184- इंजमाम उल हक (पाकिस्तान) vs भारत, बेंगलुरु, 2005
  • 120 & 143*- रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) vs साउथ अफ्रीका, सिडनी, 2006
  • 131- ग्रीम स्मिथ (साउथ अफ्रीका) vs इंग्लैंड, द ओवल, 2012
  • 134- हाशिम अमला (साउथ अफ्रीका) vs श्रीलंका, जोहानिसबर्ग, 2017
  • 218- जो रूट (इंग्लैंड) vs भारत, चेन्नई
  • 200- डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया) vs साउथ अफ्रीका, मेलबर्न, 2022
  • 106*- मुश्फिकुर रहीम (बांग्लादेश) vs आयरलैंड, मीरपुर, 2025

तीनों फॉर्मेट में 100-100 मैच खेलने वाले दुनिया के पांचवें खिलाड़ी

मुश्फिकुर रहीम का यह माइलस्टोन उनके बहुआयामी करियर को और खास बना देता है। वे दुनिया के केवल पांचवें खिलाड़ी हैं जिन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20आई तीनों फॉर्मेट में 100-100 मैच खेले हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि रॉस टेलर, डेविड वॉर्नर, टिम साउदी और विराट कोहली हासिल कर चुके हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com