गेंद के बाद बल्ले से मचाया तूफान! गाबा में मिचेल स्टार्क का ऐतिहासिक कारनामा, AUS मजबूत स्थिति में

Mitchell Starc: मिचेल स्टार्क ने गाबा में पहले छह विकेट झटके और फिर 77 रनों की धमाकेदार पारी खेलकर 12 साल पुराना कारनामा दोहराया। उनकी दोहरी चमक से ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 177 रन की बढ़त बनाई।
गेंद के बाद बल्ले से मचाया तूफान! गाबा में मिचेल स्टार्क का ऐतिहासिक कारनामा, AUS मजबूत स्थिति में
मिचेल स्टार्क (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ashes Test: एशेज सीरीज इस समय मिचेल स्टार्क के लिए किसी खास सपने की तरह चल रही है। पर्थ टेस्ट में 10 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को शानदार जीत दिलाने वाले स्टार्क का जलवा गाबा में भी उतनी ही मजबूती से जारी है। गेंद से कहर बरपाने के बाद अब उन्होंने बल्ले से भी ऐसी पारी खेली है जिसने मैच का पूरा रूख बदल दिया है।

पहली पारी में 6 विकेट, फिर बल्ले से खेली धमाकेदार पारी

गाबा टेस्ट की पहली पारी में स्टार्क ने 6 विकेट चटकाकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी को बुरी तरह झकझोर दिया। लेकिन उनका कमाल यहीं नहीं रुका। कंगारू खिलाड़ी ने बल्लेबाजी में भी अपनी उपयोगिता साबित करते हुए 141 गेंदों पर 77 रन जुटाए। उनकी इस इनिंग में 13 चौके शामिल थे और यह पारी ऐसे समय में आई जब ऑस्ट्रेलिया को बड़े स्कोर की जरूरत थी। उनकी फिफ्टी ने ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में उम्मीद बढ़ाई और स्कोरबोर्ड लगातार आगे बढ़ता गया।

स्टार्क ने बनाया ये खास रिकॉर्ड

स्टार्क ने इस टेस्ट में ऐसा रिकॉर्ड भी बना दिया जिसे एशेज में पिछले 12 सालों से कोई हासिल नहीं कर पाया था। वह एशेज सीरीज के एक टेस्ट मैच में पांच विकेट लेने और फिफ्टी लगाने वाले सिर्फ दूसरे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि 2013 में मिचेल जॉनसन के नाम दर्ज हुई थी। जॉनसन ने तब 42 रन देकर 5 विकेट लिए थे और साथ ही 64 रन की महत्वपूर्ण पारी भी खेली थी। स्टार्क ने अब उनकी बराबरी कर ली है और अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से गाबा टेस्ट को एकतरफा बना दिया है।

ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में विशाल बढ़त

गाबा में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में इंग्लैंड पर 177 रनों की बड़ी बढ़त बनाई। इंग्लैंड ने जहां 334 रन बनाए थे, वहीं कंगारू टीम ने अपने बल्लेबाजों के महत्वपूर्ण योगदान से 511 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जेक वेदराल्ड ने शानदार शुरुआत देते हुए 78 गेंदों पर 72 रन बनाए। मार्नस लाबुशेन (65), कप्तान स्टीव स्मिथ (61) और एलेक्स कैरी (63) ने भी टीम के स्कोर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिकाएँ निभाईं। लेकिन असली बढ़त स्टार्क की 77 रन की पारी ने दिलाई, जिसने ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

Navbharat Live
navbharatlive.com