एमएस धोनी (सोर्स- एक्स)
MS Dhoni: आईपीएल 2025 के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने सभी को चौंका दिया है। क्या एमएस धोनी एक बार फिर सीएसके की कप्तानी करते नजर आएंगे। हालांकि यह काफी मुश्किल काम है, लेकिन अगर ऐसा होता है तो इसमें कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए।
दरअसल चेन्नई सुपर किंग्स को अपना अगला मैच शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। इस मैच में टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का खेलना मुश्किल है, ऐसे में टीम की कमान कौन संभालेगा, यह बड़ा सवाल उभर कर सामने आ रहा है।
शनिवार को होने वाले सीएसके बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच माइकल हसी ने मीडिया से बात की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल हैं और वह अगला मैच खेल पाएंगे या नहीं, इस बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में तुषार देशपांडे की गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल हो गए थे। अब मैच से पहले ऋतुराज गायकवाड़ का फिटनेस टेस्ट होगा, उसके बाद ही वह खेल पाएंगे। ऐसे में यह माना जाना चाहिए कि गायकवाड़ अगला मैच मिस करने वाले हैं।
माइकल हसी ने कहा कि ऋतुराज गायकवाड़ अभी भी दर्द में हैं। कप्तानी के सवाल पर हसी ने कहा कि अभी यह तय नहीं है कि यह जिम्मेदारी कौन संभालेगा। उन्होंने कहा कि कोई युवा विकेटकीपर उनकी जगह ले सकता है। अब धोनी के अलावा टीम में ऐसा कौन विकेटकीपर है जो टीम की कमान संभाल सकता है, यह समझ से परे है। यानी कहीं न कहीं हसी ने इशारों-इशारों में धोनी की बात कही है।
Dhoni might return as Captain tomorrow 💛 pic.twitter.com/hLchTx9ntF
— CSK Fans Army™ (@CSKFansArmy) April 4, 2025
वैसे, रवींद्र जडेजा भी कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, लेकिन उन्होंने एक सीजन कप्तानी की है और खराब खेल के बाद उन्हें बीच में ही फिर से यह जिम्मेदारी धोनी को सौंपनी पड़ी थी। ऐसे में उनके दोबारा कप्तान बनने की संभावना बेहद कम है।
एमएस धोनी की कप्तानी में सीएसके ने अब तक पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। साल 2023 में जब सीएसके ने गुजरात टाइटंस को हराकर आखिरी बार आईपीएल खिताब जीता था, तब धोनी ही टीम के कप्तान थे। इसके बाद अगले सीजन यानी 2024 में ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया, लेकिन तब टीम अंतिम चार में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाई थी।
खेल जगत से जुड़ी अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
इस साल भी टीम ने तीन मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को सिर्फ एक मैच में जीत मिली है और दो में हार का सामना करना पड़ा है। फिलहाल टीम अंक तालिका में आठवें नंबर पर है। ऐसे में देखना अहम होगा कि क्या वाकई टीम मैनेजमेंट प्रदर्शन में सुधार के लिए धोनी को कप्तानी करने के लिए राजी करेगी?