विश्वकप 2025 के बीच जारी हुई वनडे रैकिंग, भारतीय स्टार बल्लेबाज का दबदबा बरकरार

ICC ODI Ranking: वर्ल्ड कप 2025 के बीच ICC ने नई ODI रैंकिंग जारी की है। भारत की स्मृति मंधाना ने बल्लेबाजों की सूची में नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है। इंग्लैंड की साइवर-ब्रंट दूसरे स्थान पर हैं।
विश्वकप 2025 के बीच जारी हुई वनडे रैकिंग, भारतीय स्टार बल्लेबाज का दबदबा बरकरार
भारतीय क्रिकेट टीम की महिला खिलाड़ी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

ICC Women’s ODI Rankings: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में चल रहे आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 का रोमांच चरम पर है। टूर्नामेंट का आगाज हुए करीब एक हफ्ता बीत चुका है और इस बीच कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। इसी बीच आईसीसी ने महिला वनडे खिलाड़ियों की ताज़ा रैंकिंग जारी कर दी है। इसमें भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक बार फिर अपना जलवा कायम रखा है। मंधाना ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर कब्जा बरकरार रखा है।

टॉप पर मंधाना का दबदबा

भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना वर्तमान में आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 पर बनी हुई हैं। मंधाना के पास 791 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जबकि दूसरे स्थान पर इंग्लैंड की नैट साइवर-ब्रंट 731 अंकों के साथ मौजूद हैं। दोनों खिलाड़ियों के बीच 60 अंकों का अंतर दर्शाता है कि मंधाना फिलहाल बेहद मजबूत स्थिति में हैं। दिलचस्प बात यह है कि टॉप-10 बल्लेबाजों की सूची में मंधाना एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं।

ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी ने अपना तीसरा स्थान बनाए रखा है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स ने 6 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़ते हुए रैंकिंग में दो पायदान की छलांग लगाई और अब चौथे स्थान पर पहुंच गई हैं। ऑस्ट्रेलिया की एश गार्डनर ने भी विश्व कप के पहले मैच में शानदार शतक लगाया, जिसके दम पर वह सात स्थान की छलांग लगाकर पांचवें पायदान पर पहुंच गई हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग भी हासिल की है।

न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने भी जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर सात पायदान की छलांग लगाई और आठवें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, पाकिस्तान की बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज सिदरा अमीन तीन स्थान की बढ़त के साथ संयुक्त रूप से 10वें स्थान पर पहुंची हैं। इन खिलाड़ियों की यह रैंकिंग विश्व कप में किए गए दमदार प्रदर्शन का नतीजा है।

दीप्ति शर्मा की रैंकिंग में गिरावट

आईसीसी महिला गेंदबाजों की नवीनतम रैंकिंग में शीर्ष 10 में ज्यादा बदलाव नहीं देखा गया है। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन अभी भी नंबर 1 पर कायम हैं। दक्षिण अफ्रीका की मरिजाने कैप को एक स्थान का फायदा हुआ है और अब वे पांचवें पायदान पर हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं भारत की दीप्ति शर्मा को एक पायदान का नुकसान हुआ है और अब वह छठे स्थान पर खिसक गई हैं।

ऑलराउंडरों की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया की एश गार्डनर (482 रेटिंग) शीर्ष पर बनी हुई हैं और उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। उनकी साथी खिलाड़ी किम गार्थ चार स्थान की बढ़त के साथ 18वें स्थान पर पहुंची हैं। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन ने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन के चलते एक पायदान ऊपर चढ़कर अब नौवें स्थान पर जगह बना ली है। महिला वनडे विश्व कप के शुरुआती मुकाबलों ने रैंकिंग में बड़ा बदलाव किया है और आने वाले दिनों में यह सूची और भी रोचक होने वाली है।

Navbharat Live
navbharatlive.com