

Smriti Mandhana give update on Harmanpreet Kaur's Injury: भारतीय महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच बड़ा झटका लगा है। पहले वनडे में बल्लेबाजी करते समय कप्तान हरमनप्रीत कौर के घुटने में चोट लग गई, जिसके कारण वह दूसरी पारी में फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरीं। उनकी अनुपस्थिति में उपकप्तान स्मृति मंधाना ने टीम की कमान संभाली। बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि हरमनप्रीत मेडिकल टीम की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
बोर्ड की ओर से जारी अपडेट में बताया गया कि हरमनप्रीत को बल्लेबाजी के दौरान घुटने में चोट महसूस हुई। इसी वजह से उन्होंने दूसरी पारी में फील्डिंग नहीं की। भारतीय पारी के 38वें ओवर में उन्हें फिजियो की मदद लेते देखा गया था। हालांकि चोट कब और कैसे लगी, यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए हरमनप्रीत ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली। उन्होंने 84 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे। महिला वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बाद टीम का यह पहला वनडे मुकाबला था, ऐसे में कप्तान की चोट चिंता का विषय बन गई है।
मैच के बाद स्मृति मंधाना ने हरमनप्रीत की चोट पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक व्यक्तिगत रूप से उनसे बात नहीं की है, लेकिन उम्मीद है कि वह जल्द ठीक हो जाएंगी। मंधाना ने यह भी स्पष्ट किया कि एक हार से टीम की योजनाओं में बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा। उनके मुताबिक टीम को बल्लेबाजी इकाई के रूप में और मजबूत प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि अगले मैच से पहले टीम के पास दो दिन का समय है और वे वापसी की तैयारी करेंगे। मंधाना ने माना कि दो विकेट जल्दी गिरने के बाद बल्लेबाजी करना आसान नहीं था, लेकिन टीम ने परिस्थितियों के अनुसार संघर्ष किया। उन्होंने यह भी कहा कि पिच उम्मीद के मुताबिक व्यवहार नहीं कर रही थी।
हरमनप्रीत के अलावा स्मृति मंधाना ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 68 गेंदों में सात चौकों की मदद से 58 रन बनाए। हालांकि उनकी यह पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। हरमनप्रीत और काश्वी गौतम के बीच सातवें विकेट के लिए 53 रन की उपयोगी साझेदारी हुई, जिसने टीम को प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया। काश्वी ने 44 गेंदों में 43 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। अब सभी की नजर हरमनप्रीत की फिटनेस और अगले मुकाबले पर टिकी है।