IND vs SA: मार्करम का फ्लाइंग कैच देख नीतीश रेड्डी और जडेजा दोनों दंग, बार-बार देखा जा रहा ये VIDEO!

IND vs SA: दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी बिखर गई। इसी बीच एडन मार्करम ने नीतीश कुमार रेड्डी का हवा में झूलता शानदार एक हाथ का कैच पकड़ा, जिसे कैच ऑफ द ईयर माना जा रहा है।
IND vs SA: मार्करम का फ्लाइंग कैच देख नीतीश रेड्डी और जडेजा दोनों दंग, बार-बार देखा जा रहा ये VIDEO!
भारत बनाम साउथ अफ्रीका (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Aiden Markram Catch Video: गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन का खेल बेहद रोमांचक रहा। भारत की ओर से ओपनर यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दिलाई और तेज़ रन बनाए। लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी इकाई बिखरती हुई नजर आई। मार्को यानसेन और साइमन हार्मर ने भारतीय टॉप ऑर्डर पर जबरदस्त दबाव बनाया, जिसके कारण कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर अधिक देर टिक नहीं सका। चायकाल तक भारत का स्कोर 4 विकेट पर 102 रन था और टीम मुश्किल में नजर आने लगी थी।

कप्तान ऋषभ पंत से उम्मीदें, लेकिन यान्सन का झटका

दूसरे सत्र में भारतीय कप्तान ऋषभ पंत पर बड़ी पारी खेलने का दबाव था। सभी की नजरें उन पर टिकी थीं कि वह टीम को संभालेगे। लेकिन मार्को यानसेन ने अपनी सटीक लाइन और लेंथ से पंत को 7 रन के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। पंत के आउट होते ही भारतीय टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं और साउथ अफ्रीका ने पूरी तरह मैच पर पकड़ बना ली।

एडन मार्करम का कैच ऑफ द ईयर

पंत के आउट होने के बाद भारतीय पारी का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट आया 42वें ओवर में। इसी ओवर की चौथी गेंद पर मार्को यानसेन ने नीतीश कुमार रेड्डी को शॉर्ट बॉल पर टेस्ट किया। नीतीश ने बैकफुट से नीचे खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उछलकर उनके ग्लव्स से लगते हुए हवा में चली गई। दूसरे स्लिप में खड़े एडन मार्करम ने अपने दाहिने तरफ तेजी से डाइव लगाते हुए एक हाथ से यह अद्भुत कैच लपक लिया।

उनकी फुर्ती और पकड़ देखकर मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ी और दर्शक दंग रह गए। यहाँ तक कि रवींद्र जडेजा भी इस कैच को देखकर स्तब्ध रह गए और उन्होंने अपना सिर पकड़ लिया। इस शानदार प्रयास को सोशल मीडिया पर ‘कैच ऑफ द ईयर’ और अब तक की सीरीज का सबसे बेहतरीन कैच बताया जा रहा है।

201 पर सिमटी भारतीय टीम

इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला गुवाहाटी में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 489 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में सिर्फ 201 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 58 रन बनाए, लेकिन टीम को फॉलोऑन से बचाने के लिए 290 रन तक पहुंचना था, जो संभव नहीं हो सका।

शुरुआती दौर में भारत ने 1 विकेट पर 95 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने लगातार विकेट गंवाए और देखते ही देखते स्कोर 122/7 हो गया। निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने कुछ संभलकर बल्लेबाजी की और आठवें विकेट के लिए 208 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की। सुंदर ने 92 गेंदों में 48 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने की कोशिश की। साउथ अफ्रीका की ओर से मार्को यान्सन सबसे घातक गेंदबाज साबित हुए और 6 विकेट चटकाए। साइमन हार्मर ने 2 जबकि केशव महाराज ने 1 विकेट लिया। पहली पारी के आधार पर दक्षिण अफ्रीका को 288 रन की ठोस बढ़त मिल चुकी है और उसने फॉलोऑन न देते हुए दूसरी पारी में फिर से बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com