'डर था लेकिन भागा नहीं...' बॉर्डर 2 में पिता सुनील शेट्टी से हुई तुलना पर अहान शेट्टी ने तोड़ी चुप्पी

Ahan Shetty Border 2: 300 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी ‘बॉर्डर-2’ के बाद अहान शेट्टी ने पिता सुनील शेट्टी से तुलना, दबाव और विरासत को आगे बढ़ाने पर पहली बार खुलकर बात की।
Ahan Shetty and Sunil Shetty,अहान शेट्टी और सुनील शेट्टी
अहान शेट्टी और सुनील शेट्टी (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Updated on

Suniel Shetty Border Legacy: मल्टी-स्टारर वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर-2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म में चार बहादुर सैनिकों की कहानी दिखाई गई है, जिनमें से एक अहम किरदार निभाया है अभिनेता अहान शेट्टी ने। इस फिल्म में अहान एक भारतीय नौसेना अधिकारी की भूमिका में नजर आए हैं।

हालांकि, यह फिल्म अहान के लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं थी, बल्कि एक इमोशनल और मेंटल चैलेंज भी थी। वजह साफ है उनके पिता सुनील शेट्टी 1997 में आई आइकॉनिक फिल्म ‘बॉर्डर’ का हिस्सा रह चुके हैं। ऐसे में तुलना और विरासत का दबाव स्वाभाविक था।

पिता के साथ शूटिंग न कर पाने का अफसोस

बॉर्डर-2’ की रिलीज के बाद IANS से बातचीत में अहान शेट्टी ने अपने दिल की बात रखी। उन्होंने बताया कि फिल्म में एक ऐसा सीन था, जिसे वह अपने पिता के साथ शूट करना चाहते थे, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। अहान ने कहा,“फिल्म का जो आखिरी सीन था, दुर्भाग्य से हम उसे साथ में शूट नहीं कर पाए। मैं उनके साथ काम करना चाहता था, लेकिन वह ‘बॉर्डर’ का हिस्सा थे और मैं ‘बॉर्डर-2’ का।”

तुलना का डर और विरासत का एहसास

अहान ने स्वीकार किया कि फिल्म से पहले उन्हें इस बात का डर जरूर था कि लोग उनकी तुलना पिता सुनील शेट्टी से करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं पहले ही सोचकर घबरा गया था कि मैं वो सीन कर पाऊंगा या नहीं, क्योंकि वही सीन मेरे पिता ने पहली फिल्म में किया था। मुझे पता था कि तुलना जरूर होगी।”

लेकिन इसी के साथ अहान को यह भी एहसास था कि अब उन्हें ही अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाना है। “डरने का कोई फायदा नहीं था। अगर मैं प्रेशर लेता, तो मेरी परफॉर्मेंस पर असर पड़ता। मैंने बस किरदार को ईमानदारी और मेहनत से निभाने पर फोकस किया।”

दर्शकों के प्यार से मिली राहत

अहान शेट्टी ने कहा कि फिल्म को मिल रहे पॉजिटिव रिस्पॉन्स ने उन्हें सुकून दिया है।“लोगों ने मेरे काम को पसंद किया है, यह मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी है।” ‘बॉर्डर-2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर अहान और सुनील शेट्टी की तुलना शुरू हो गई थी। लेकिन पिता के सपोर्ट और अपनी मेहनत के दम पर अहान ने यह साबित कर दिया कि उनमें भी अभिनय की काबिलियत भरपूर है।

Navbharat Live
navbharatlive.com