(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में तीन बहनों की फ़ूड पॉइज़निंग से मौत मामले में नया मोड आ गया है। पुलिस इस मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने इसे आकस्मिक मौत नहीं हत्या बताया है। वहीं तीन बहनों की मौत के लिए उनकी काे जिम्मेदार ठहराते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक शाहपुर क्षेत्र अंतर्गत असनोली गांव के तालेपाड़ा में रहने वाली महिला संध्या संदीप बेरे ने 20 जुलाई को ‘वरन भात’ (चावल और दाल का एक पारंपरिक व्यंजन) में कथित तौर पर कीटनाशक मिलाया और अपनी 5, 8 और 10 साल की बेटियों को खिला दिया।
इसके बाद लड़कियों की तबीयत खराब होने लगी और उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे, जिसके बाद उन्हें एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत बिगड़ने के बाद दो बच्चियों को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन दोनों में से एक की 24 जुलाई को तो दूसरी की 25 जुलाई को मौत हो गई, जबकि तीसरी लड़की को नासिक के एक अस्पताल रेफर किया गया था, जहां 24 जुलाई को उसने भी दम तोड़ दिया। खिनावली पुलिस ने शुरुआत में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था।
ठाणे पुलिस ने बताया कि शनिवार रात को लड़कियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उनके शरीर में जहर होने का पता चला था। अधिकारी ने बताया कि महत्वपूर्ण साक्ष्य के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बच्चों की मां के खिलाफ हत्या का एक मामला दर्ज किया और शनिवार देर रात करीब 2 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें:- ‘मेरे बड़े भाई…’, गुलदस्ता दिया-गले मिले, उद्धव से मुलाकात पर बोले राज- VIDEO
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला घरेलू समस्याओं से जूझ रही थी। उसके पति की शराब पीने की आदत थी। जिसकी वहज से आए दिन विवाद होता था। महिला इससे तंग आकर अपने पति से अलग रह रही थी। अकेले तीन बेटियों की देखभाल करने में उसे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण महिला ने इस वारदात को कथित तौर पर अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि महिला के ससुराल वालों को तीनों बच्चों की मौत में उसकी संलिप्तता का संदेह था। पुलिस ने बताया कि महिला को पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)