2 लड़कों को उतारा मौत के घाट...फिर पत्नी-बेटियों के साथ खुद को जिंदा जलाया, UP से आई सनसनीखेज वारदात

Bahraich News: यूपी के बहराइच में किसान विजय कुमार ने दो किशोरों की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और आग लगा ली।
horror-in-bahraich-up-man-burns-self-wife-daughters-after-double-murder
घटना के बाद विजय के घर के बाहर जुटी भीड़ (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बहराइच ज़िले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यह भयावह घटना बुधवार सुबह जिले के रामगांव थाना क्षेत्र के निंदूपुरवा टेपराहा गांव में घटी। खेती और पशुपालन से जुड़े किसान विजय कुमार ने दो किशोरों की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और आग लगा ली।

इस भयावह अग्निकांड में चार लोगों की मौत हो गई और चार मवेशी भी जिंदा जलकर मर गए। दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और बमुश्किल आग पर काबू पाया। एक सा हुई छह मौतों की इस दुखद घटना के बाद समूचे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंच गई है।

सामने आया चौंकाने वाला कारण

जानकारी के अनुसार, किसान विजय कुमार ने गांव के दो किशोरों, सूरज यादव (14), पुत्र लच्छी राम, और सनी वर्मा (13), पुत्र ओमप्रकाश को लहसुन बोने के लिए अपने घर बुलाया था। दोनों किशोरों ने नवरात्रि का आखिरी दिन होने और घर में बहुत काम होने का हवाला देते हुए काम करने से इनकार कर दिया। गुस्से में आकर विजय ने अपने आंगन में धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार के साथ कर लिया आत्मदाह

दोनों किशोरों की हत्या के बाद विजय कुमार बेसुध हो गया। वह अपनी पत्नी और दोनों बेटियों के साथ अपने कमरे में गया और दरवाजा बंद कर लिया। फिर उसने कमरे में आग लगा दी। अचानक लगी आग की लपटों में पूरा परिवार चीख-पुकार मचा रहा था, लेकिन कोई मदद नहीं कर सका।

समूचे गांव में मच गया कोहराम

विजय कुमार के घर में लगी आग और दोनों किशोरों की मौत से गांव में अचानक कोहराम मच गया। लोग मदद के लिए दौड़े और आंगन में खून से लथपथ दोनों किशोरों के शव पड़े देखकर दंग रह गए। कमरे के अंदर से विजय और उसके परिवार की चीखें सुनाई दे रही थीं। लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस ने कमरे से बरामद किए शव

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कमरे से विजय कुमार, उनकी पत्नी और दोनों बेटियों के शव बरामद किए। घटनास्थल पर चार जले हुए मवेशियों के शव भी मिले। रामगांव थाना प्रमुख ने पुष्टि की कि सूरज यादव और सनी वर्मा की धारदार हथियारों से हत्या की गई है। उप-जिलाधिकारी सदर पूजा चौधरी और क्षेत्राधिकारी महसी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की।

इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। ग्रामीणों के अनुसार, विजय कुछ समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस कई अन्य पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com