ठाणे की जेल में कैदी ने पुलिस पर किया हमला, CCTV तोड़फोड़, जानें पूरा मामला

Thane Jail News: ठाणे जिले की भिवंडी उप-जेल में बंद कैदी फैयाज शेख ने हिरासत पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया, पुलिस से हाथापाई की और तीन सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए, जिस पर नया केस दर्ज हुआ।
Prisoner Assault Police In Thane Jail
महाराष्ट्र पुलिस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Prisoner Assault Police In Thane Jail: महाराष्ट्र के ठाणे जिले स्थित भिवंडी उप-कारागृह में एक कैदी द्वारा किए गए हंगामे से जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। हिरासत को अवैध बताते हुए कैदी ने पुलिसकर्मियों से झड़प की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

ठाणे जिले के भिवंडी स्थित उप-कारागृह में बंद एक कैदी ने अपनी हिरासत पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा किया। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने न केवल तत्काल रिहाई की मांग की बल्कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर हाथापाई भी की। घटना के बाद जेल परिसर में तनाव का माहौल बन गया।

आरोपी की पहचान और पृष्ठभूमि

ठाणे पुलिस ने आरोपी की पहचान फैयाज इस्लाम शेख (25) के रूप में की है, जो पहले से ही एक आपराधिक मामले में भिवंडी उप-जेल में बंद था। शांतिनगर पुलिस स्टेशन ने रविवार को हुई इस घटना के संबंध में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस से बहस और धमकी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर चिल्लाते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उसने पुलिस के अधिकार को चुनौती दी और दावा किया कि भारतीय दंड संहिता के तहत उस पर लगे आरोपों से उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। आरोपी लगातार खुद को अवैध हिरासत में बताया और तुरंत रिहा करने की मांग करता रहा।

CCTV कैमरे और बल्ब तोड़े

हंगामे के दौरान आरोपी ने उप-कारागृह के प्रवेश द्वार के पास लगे तीन सीसीटीवी कैमरों को उखाड़कर जमीन पर पटक दिया। इसके अलावा उसने परिसर में लगे तीन बल्ब भी तोड़ दिए, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।

पुलिस अधिकारी से हाथापाई

जब एक पुलिस अधिकारी ने स्थिति को नियंत्रित करने और आरोपी को नियमों की जानकारी देने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित तौर पर उसका कॉलर पकड़ लिया और उसे धक्का दे दिया। इस घटना के बाद अतिरिक्त सुरक्षा बलों को बुलाकर स्थिति पर काबू पाया गया।

कानूनी कार्रवाई शुरू

शांतिनगर पुलिस ने आरोपी फैयाज शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com