राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नागपुर दौरे पर कड़ी सुरक्षा, 2,500 पुलिसकर्मी तैनात

Security Alert In Nagpur: नागपुर में ब्रह्माकुमारीज के राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। जामठा स्थित विश्वशांति सरोवर में भव्य कार्यक्रम की तैयारी पूरी है।
draupadi murmu
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

President Murmu Nagpur visit: समाज में एक दूसरे के प्रति विश्वास-सौहार्द्रता, एकता एवं मानवता मूल्यों का अधिक प्रसार हो इसके लिए ब्रह्माकुमारीज के राज्यव्यापी अभियान का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों 25 फरवरी की शाम को शुभारंभ हो रहा है।

महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, राज्य के राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिला पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, माउंटआबू स्थित ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय के अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय, बीके चंद्रिका, नागपुर प्रमुख बी के रजनी व अन्य प्रमुखता से उपस्थित रहेंगे।

जामठा स्थित ब्रह्माकुमारी की विश्वशांति सरोवर में समारोह के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं। विभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी की अध्यक्षता में राष्ट्रपति के दौरे के संदर्भ में तैयारियों समीक्षा की गई। शासकीय यंत्रणा को इस संबंध में उन्होंने विशेष निर्देश दिये। इस मुहिम के लिए ब्रह्माकुमारी के मार्फत 8 सिद्धांत निश्चित किये गये हैं।

इनमें व्यसनमुक्त समाज की निर्मिति, शाश्वत जीवन पद्धति, स्वच्छता व नागरिक के रूप में प्रत्येक व्यक्ति को उसके कर्तव्य की जानकारी, मानवता के लिए कर्तव्य-तत्परता, मूल्याधारित शिक्षा, निर्मल व संयमी जीवन-योगा, हरीत व शाश्वत महाराष्ट्र, सुसंवाद से आनंदी जीवन पर जोर दिया गया है। बताया गया कि इन्हीं सिद्धांतों से ही महाराष्ट्र का स्वर्णिम युग अधिक सशक्त होगा। राज्य की प्रत्येक तहसील में ब्रह्माकुमारी केंद्र के माध्यम से यह मुहिम प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाई जाएगी।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस, 2,500 कर्मी तैनात

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बुधवार की शाम शहर में आगमन होगा। महामहिम के दौरे के लिए पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। आवागमन और कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा चाक-चौबंद की गई है। राष्ट्रपति की सुरक्षा में 2,500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

सीपी रवींद्र कुमार सिंगल और ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी ने आला अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। मंगलवार को पुलिस ने फुलड्रेस रिहर्सल भी की। शाम 5।20 बजे राष्ट्रपति का नागपुर आगमन होगा। सीपी और ज्वाइंट सीपी सहित सभी आला अधिकारी बंदोबस्त में तैनात रहेंगे।

10 डीसीपी, 8 एसीपी, 45 पुलिस निरीक्षक, 170 होमगार्ड, सिटी पुलिस के 2,000 कर्मचारी और राज्य आरक्षित पुलिस बल (एसआरपीएफ) की एक तुकड़ी बंदोबस्त में तैनात की गई है। बुधवार की शाम जामठा में ब्रह्मकुमारीज में आयोजित विश्व शांति सरोवर कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति लोकभवन में रुकेंगी। सभी जगहों पर पुलिस का घेरा तैयार किया गया है। गुरुवार की सुबह 8 से 10 बजे के बीच वे शहर से प्रस्थान करेंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com