Pune News: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब भारतीय छात्रों पर भी दिखाई देने लगा है। महाराष्ट्र के पुणे स्थित एक संस्थान के 84 MBA छात्र दुबई में फंस गए हैं। हवाई क्षेत्र पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण उनकी भारत वापसी फिलहाल टल गई है।
West Asia airspace closure crisis (सोर्सः सोशल मीडिया0
जानकारी के अनुसार, पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज (ISBS) के छात्र वार्षिक पांच दिवसीय अध्ययन यात्रा पर दुबई गए थे। यह शैक्षणिक दौरा नियमित कार्यक्रम का हिस्सा था। संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि सभी छात्र और स्टाफ सुरक्षित हैं तथा उन्हें एक होटल में ठहराया गया है।
संस्थान के मुताबिक 40 छात्रों को शनिवार को पुणे लौटना था, जबकि शेष 44 छात्र-छात्राओं की फ्लाइट रविवार के लिए निर्धारित थी। लेकिन पश्चिम एशिया में अचानक बढ़े तनाव और एयरस्पेस बंद होने के कारण सभी उड़ानें प्रभावित हो गईं। इससे छात्रों की वापसी अनिश्चित समय के लिए टल गई है।
संस्थान के डीन जनार्दन पवार ने बताया कि सभी विद्यार्थी सुरक्षित हैं और संस्थान उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, इंदिरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स की चेयरपर्सन तारिता शंकर ने कहा कि छात्रों और स्टाफ से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
ये भी पढ़े: पुणे जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव 16 मार्च को, पंचायत समितियों के सभापति 9 मार्च को चुने जाएंगे
संस्थान प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि विदेश मंत्रालय और नागर विमानन मंत्रालय के साथ समन्वय किया जा रहा है, ताकि छात्रों की जल्द और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।
उधर, पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम के बाद कई उड़ानें बाधित हुई हैं, जिससे दुबई सहित पूरे क्षेत्र में हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हालांकि फिलहाल सभी छात्र सुरक्षित हैं, लेकिन उनके परिवारों की चिंता बनी हुई है। संस्थान ने भरोसा दिलाया है कि जैसे ही हवाई सेवाएं सामान्य होंगी, छात्रों को प्राथमिकता के आधार पर भारत वापस लाया जाएगा।