वीकेंड टूर मातम में बदला: लोनावला के लायंस पॉइंट के पास कार-कंटेनर की टक्कर, दो पर्यटकों की मौत

Lonavala Accident News: लोनावला लायंस पॉइंट के पास स्विफ्ट कार और कंटेनर की भिड़ंत में गोवा के दो युवकों की दर्दनाक मौत। हादसे के बाद इलाके में ट्रैफिक जाम, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
Pune Lonavala Lions Point Accident
दुर्घटनाग्रस्त कार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Pune Lonavala Lions Point Accident: लोनावला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लायंस पॉइंट के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को दहला दिया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और कंटेनर की जोरदार भिड़ंत में गोवा से आए दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए भीषण ट्रैफिक जाम लग गया।

मृतकों की पहचान मयूर वेंगुर्लेकर (24) और योगेश सुतार (21), दोनों निवासी गोवा, के रूप में हुई है। दोनों दोस्त छुट्टियां मनाने लोनावला आए थे और शनिवार सुबह लायंस पॉइंट की ओर ड्राइव कर रहे थे। पुलिस के अनुसार GA 03 AM 0885 नंबर की स्विफ्ट कार को योगेश चला रहा था, जबकि मयूर पैसेंजर सीट पर बैठा था।

कैसे हुआ हादसा?

जैसे ही कार घाट सेक्शन से मुड़ी, सामने से आ रहे MH 14 JL 5525 नंबर के कंटेनर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में कंटेनर ड्राइवर भी घायल हुआ है, हालांकि पुलिस ने बताया कि उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

हादसे के बाद वाहनों की लगी लंबी कतार

लोनावला पुलिस ने बताया कि हादसा सुबह के समय हुआ, जब लायंस पॉइंट और टाइगर पॉइंट की ओर बड़ी संख्या में पर्यटक जाते हैं। यह इलाका पुणे और मुंबई के पर्यटकों का वीकेंड हब माना जाता है। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार और कंटेनर को हटाया, जिससे कुछ देर बाद ट्रैफिक सामान्य हो सका।

दोनों युवकों के शवों को पोस्टमोर्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया है। लोनावला सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक जांच में कंटेनर ड्राइवर की लापरवाही का कोण सामने आ रहा है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक घटना से पर्यटकों और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है। पुलिस ने अपील की है कि पहाड़ी इलाकों में ड्राइव करते समय गति सीमाओं का पालन करें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।