

Deputy CM Eknath Shinde Statement In Junnar: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को पुणे जिले के जुन्नर तहसील स्थित ओतूर में आयोजित एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों और ग्रामीण विकास को लेकर बड़ी घोषणाएं कीं।
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के प्रचार के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि ये चुनाव महायुति गठबंधन के लिए केवल सत्ता हासिल करने का जरिया नहीं हैं, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत है।
जुन्नर के कायाकल्प का संकल्प दोहराते हुए शिंदे ने जनता को आश्वस्त किया कि विकास कार्यों के लिए सरकारी खजाने से फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी, लेकिन इन योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन के लिए स्थानीय निकायों में महायुति के प्रतिनिधियों का होना आवश्यक है।
शिंदे ने जुन्नर को छत्रपति शिवाजी महाराज की पावन जन्मभूमि बताते हुए भावुक अंदाज में कहा कि यहां की जनता ने हमेशा महायुति की विचारधारा पर विश्वास जताया है। अपने भाषण के दौरान उन्होंने 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना' का विशेष उल्लेख करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधियों ने अदालती अड़चनें पैदा कर इस योजना को रोकने की कोशिश की, लेकिन सरकार ने महिलाओं के सम्मान में यह योजना जारी रखी। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी सरकार जनता को 'देने वाली' सरकार है, न कि उनसे कुछ 'छीनने वाली'।
सभा का सबसे अहम हिस्सा वह रहा जब उपमुख्यमंत्री ने किसानों के लिए बड़ी राहत का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक किसान परिवार से आते हैं, इसलिए खेत में मेहनत करने वालों का दर्द भली-भांति समझते हैं। उन्होंने मंच से खुलासा किया कि राज्य सरकार ने किसानों की कर्जमाफी का निर्णय सैद्धांतिक रूप से ले लिया है और इसकी रूपरेखा तय करने के लिए एक विशेष समिति गठित की गई है।
जल्द ही मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने जुन्नर क्षेत्र में तेंदुओं की समस्या के समाधान और पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का भी वादा किया। इस अवसर पर विधायक शरद सोनवणे सहित महायुति के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।