बारामती उपचुनाव की तैयारी शुरू, सुनेत्रा पवार बन सकती हैं उम्मीदवार

Sunetra Pawar: अजीत पवार के निधन के बाद खाली हुई बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं और मतदाता सूची अद्यतन के बीच सुनेत्रा पवार को संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है।
sunetra pawar
Sunetra Pawar (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Baramati By-Election: महाराष्ट्र के दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान दुर्घटना में हुई मृत्यु के कारण खाली हुई बारामती विधानसभा सीट पर जल्द ही उपचुनाव कराए जाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा की है। यह कार्यक्रम 1 जनवरी 2026 की योग्यता तिथि पर आधारित होगा।

संयुक्त प्रारूप मतदाता सूची 9 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियां 9 से 25 फरवरी के बीच स्वीकार की जाएंगी और अंतिम मतदाता सूची 10 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठकें की जाएंगी। जानकारों का मानना है कि अंतिम सूची जारी होने के तुरंत बाद चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है।

उत्तराधिकारी में सुनेत्रा सबसे आगे

अजीत पवार के निधन के बाद बारामती की राजनीतिक विरासत को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में सुनेत्रा पवार का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। वर्तमान में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद उनके लिए छह महीने के भीतर विधानमंडल के किसी भी सदन का सदस्य बनना अनिवार्य है। ऐसे में बारामती उपचुनाव उनके लिए सबसे सुरक्षित और स्वाभाविक विकल्प माना जा रहा है।

निर्विरोध चुनाव की प्रबल संभावना

माना जा रहा है कि अजीत पवार के प्रति सम्मान और परिवार में दुख की घड़ी को देखते हुए विपक्षी दल शायद ही कोई उम्मीदवार उतारें। वर्ष 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में अजीत के खिलाफ लड़ने वाले युगेंद्र पवार या महायुति के अन्य घटक दलों (भाजपा/शिवसेना) की ओर से किसी भी चुनौती की संभावना कम मानी जा रही है।

अजीत पवार के निधन से उपजी सहानुभूति लहर को देखते हुए सुनेत्रा पवार के खिलाफ चुनाव लड़ना राजनीतिक रूप से जोखिम भरा माना जा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि चुनाव निर्विरोध भी संपन्न हो सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com