
Devendra Fadnavis Nashik visi (सोर्सः सोशल मीडिया)
Devendra Fadnavis Nashik Visit: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि मानवीय मूल्यों और मानवता का संदेश देने वाली णमोकार भूमि समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। नाशिक जिले के चांदवड तालुका के मालसाणे स्थित णमोकार तीर्थ में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव में मुख्यमंत्री फडणवीस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने आचार्य मुनि से संवाद कर आशीर्वाद भी लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के निवास से पवित्र हुई इस भूमि पर आयोजित यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि देश की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, शांति, करुणा और साधना का उत्सव है। तीर्थंकरों द्वारा दिया गया अहिंसा, शांति और करुणा का संदेश न केवल जैन समुदाय के लिए, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक है।
फडणवीस ने कहा कि जब पूरी दुनिया पर्यावरण संकट से जूझ रही है, तब जैन समाज प्राणिमात्र पर दया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस तीर्थक्षेत्र के विकास के लिए सहयोग कर रही है और यहां बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है।
ये भी पढ़े: अमरावती पुलिस आयुक्त का ‘जनता दरबार’ शुरू; पहले ही दिन 30 शिकायतों को मौके पर निपटाया
इस अवसर पर सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि चांदवड का णमोकार तीर्थ एक महत्वपूर्ण तीर्थस्थल के रूप में विकसित होगा, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आएंगे। इस भव्य आयोजन में जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन, स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे, विधायक डॉ. राहुल आहेर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित थे।






