
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
नासिक : प्याज की लगातार बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने विदेशों से प्याज आयात करने की अनुमति दी है, जिसके बाद अब अफगानिस्तान के अलावा मिस्र और तुर्की से भी लगभग 120 टन प्याज आयात किया गया है। विदेशों से आयातित यह प्याज मुंबई, पुणे सहित राज्य के कई शहरों में पहुंचा है। इससे अब यहां उपभोक्ताओं को कम दाम में प्याज मिल सकेगा।
केंद्र सरकार के वाणिज्य मंत्रालय के उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए मूल्य स्थिरीकरण निधि के तहत 5 लाख टन प्याज खरीदा था। इस प्याज को दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता और भुवनेश्वर जैसे देश के मेगा मेट्रो शहरों में 30 से 35 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचा जा रहा है। लेकिन प्याज की कीमतें नियंत्रित नहीं होने के कारण केंद्र सरकार ने अब विदेशों से प्याज आयात की अनुमति दी है।
इसके तहत 24 सितंबर को अफगानिस्तान से पंजाब के अमृतसर और जालंधर में 11 माल ट्रक में 300 टन से अधिक प्याज आयात किया गया था। इसी क्रम में अब फिर से मिस्र और तुर्की देशों से 120 टन प्याज आयात किया गया है। लासलगांव के एक प्याज व्यापारी प्रवीण कदम इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्र सरकार को निर्यात को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है, ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके। उनके अनुसार आयात पर निर्भर रहने से किसानों को नुकसान होता है। केंद्र सरकार को निर्यात को बढ़ावा देने की नीति अपनानी होगी, जिससे किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके।
यह भी पढ़ें- प्याज की कीमतें कम करने पर किसान हुए आक्रामक, सांगली-कोल्हापुर हाईवे किया जाम, सड़क पर फेंके प्याज
बता दें कि इन दिनों देश में प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं जिससे आम आदमी की थाली से प्याज इन दिनों गायब ही हो गया है। देश के कई बड़े शहरों में इन दिनों प्याज 80 से 100 रुपए किलो की भाव से बिक रहा है। महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादन में देश में अग्रणी राज्यों में से हैं लेकिन मौसम की मार के कारण यहां प्याज की खेती करने वाले किसानों को इस बार भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में देश में प्याज की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास करने की कोशिश कर रही है।






