पुराने नासिक-द्वारका क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी को 6, भाजपा को 4 और अजित पवार गुट को 1 सीट

Nashik Municipal Election Results: नासिक महानगरपालिका चुनाव में पुराने नासिक, द्वारका और मुंबई नाका क्षेत्र के प्रभागों में महाविकास आघाड़ी ने 11 में से 6 सीटें जीतकर बढ़त हासिल की।
Maha Vikas Aghadi Nashik
Nashik Municipal Election Results:नासिक महानगरपालिका चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Old Nashik Election: महानगरपालिका चुनाव में पुराने नासिक, द्वारका परिसर और मुंबई नाका क्षेत्र के प्रभाग क्रमांक 13, 14 और 15 की कुल 11 सीटों में से महाविकास आघाड़ी ने 6 सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त हासिल की है। वहीं भाजपा को 4 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) को 1 सीट मिली। कुल मिलाकर इस क्षेत्र में मिश्रित लेकिन महाविकास आघाड़ी के पक्ष में झुकी हुई राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली।

भाजपा ने प्रभाग क्रमांक 13 और 15 में कुल 7 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिनमें से 4 उम्मीदवार विजयी हुए। हालांकि कुल 11 सीटों में से 6 सीटें जीतकर महाविकास आघाड़ी ने बढ़त बना ली। पुराने नासिक क्षेत्र के प्रभाग 13 और 14 में चुनाव काफी कांटे का रहा और परिणाम लगभग अपेक्षाओं के अनुरूप सामने आए।

मनसे की मयुरी पवार ने जीत दर्ज

प्रभाग क्रमांक 13 में कांग्रेस और शिवसेना (ठाकरे गुट) के कुछ उम्मीदवारों के चुनाव के ऐन वक्त पर भाजपा में शामिल हो जाने से पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई। इसके बावजूद भाजपा के 4 में से 3 उम्मीदवार विजयी रहे। इनमें शाहू खैरे, अदिति पांडे और राहुल शेलार शामिल हैं। वहीं एक सीट पर पूर्व महापौर यतीन वाघ की पत्नी को पराजय का सामना करना पड़ा। इस सीट पर मनसे की मयुरी पवार ने जीत दर्ज की।

मुस्लिम बहुल प्रभाग 14 में कांग्रेस का दबदबा

मुस्लिम बहुल प्रभाग क्रमांक 14 में कांग्रेस ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 3 सीटों पर जीत हासिल की। इनमें सूफी जीन, नज़ीया अत्तार और समिया खान शामिल हैं। वहीं एक सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) की जागृति गांगुर्डे विजयी रहीं। ‘दुबई वार्ड’ के नाम से पहचाने जाने वाले इस प्रभाग में पिछली बार राष्ट्रवादी कांग्रेस ने सभी चारों सीटें जीती थीं। इस बार दल-बदल के बावजूद कुछ पुराने चेहरे फिर से मैदान में उतरे थे। इस प्रभाग में कुल 47 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे।

महाविकास आघाड़ी ने बढ़त

काठे गली, द्वारका, मुंबई नाका और भाभा नगर क्षेत्र वाले प्रभाग क्रमांक 15 को पिछली बार भाजपा का गढ़ माना जाता था, जहां तीनों सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार विजयी हुए थे। हालांकि इस बार भाजपा को यहां झटका लगा। तीन में से दो सीटों पर शिवसेना (ठाकरे गुट) के उम्मीदवार विजयी हुए, जिनमें महानगर प्रमुख प्रथमेश गीते और सीमा पवार शामिल हैं।

वहीं ठाकरे गुट छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सचिन मराठे कमल निशान पर जीत दर्ज करने वाले एकमात्र भाजपा उम्मीदवार रहे। कुल मिलाकर पुराने नासिक, द्वारका और मुंबई नाका क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी ने बढ़त हासिल की है, हालांकि भाजपा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com